विजय सिंह पथिक नगर में फागोत्सव की धूम: फागणिया पहन महिलाओं ने बिखेरे लोक संस्कृति के रंग

विजय सिंह पथिक नगर में फागोत्सव की धूम: फागणिया पहन महिलाओं ने बिखेरे लोक संस्कृति के रंग
X

भीलवाड़ा (रमेश चंद्र डाड)। शहर के विजय सिंह पथिक नगर स्थित पथिक पार्क में क्वीन्स ग्रुप द्वारा फागोत्सव पर्व बड़े ही हर्षोल्लास, श्रद्धा और सांस्कृतिक उल्लास के साथ मनाया गया। पारंपरिक फागणिया पोशाक पहनकर पहुंची महिलाओं ने लोक-संस्कृति और आपसी सौहार्द का सुंदर उदाहरण प्रस्तुत किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ गणेश वंदना से हुआ। इसके पश्चात मधु शर्मा और प्रेमलता सोनी ने "रंग मत डाल रे सांवरिया, म्हाने गुजर मारे रे..." लोकगीत पर मनमोहक नृत्य प्रस्तुति देकर समां बांध दिया। संयोजिका चंद्रप्रभा शर्मा के कुशल मार्गदर्शन में आयोजित इस उत्सव में सह-संयोजिका रानू शर्मा ने कहा कि फागोत्सव केवल रंगों का पर्व नहीं, बल्कि आपसी प्रेम और सामाजिक एकता को सहेजने का सशक्त माध्यम है।

स्वतंत्रता सेनानी पथिक का किया स्मरण

आयोजन के दौरान शशिकला शर्मा ने महान स्वतंत्रता सेनानी विजय सिंह पथिक के योगदान को याद करते हुए उनके साहस और त्याग के आदर्शों को जीवन में उतारने का संदेश दिया। दिलखुश ओस्तवाल के नेतृत्व में महिलाओं ने सजावट, भजन-कीर्तन और प्रसाद वितरण की व्यवस्थाओं को बखूबी संभाला।

भक्ति और उल्लास का संगम

पार्क का वातावरण रंग-बिरंगे परिधानों, पुष्प-सज्जा और फाग गीतों की मधुर लहरियों से सराबोर रहा। महिलाओं ने राधा-कृष्ण की लीलाओं का गुणगान किया और एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर पर्व की शुभकामनाएं दीं। अंत में प्रसाद वितरण के साथ कार्यक्रम संपन्न हुआ। उपस्थित महिलाओं ने जोर दिया कि नई पीढ़ी को समृद्ध संस्कृति से जोड़ने के लिए ऐसे आयोजन निरंतर होने चाहिए।

Next Story