आसींद से रवाना हुआ विकास रथ, भाजपा सरकार की उपलब्धियां ढाणी-ढाणी तक पहुंचाएगा

आसींद से रवाना हुआ विकास रथ, भाजपा सरकार की उपलब्धियां ढाणी-ढाणी तक पहुंचाएगा
X

भीलवाड़ा। भाजपा सरकार के दो वर्ष के कार्यकाल को समर्पित विकास रथ का शुभारंभ आसींद उपखंड कार्यालय से किया गया। आसींद-हुरड़ा विधायक जबर सिंह सांखला और उपखंड अधिकारी परमजीत सिंह ने हरी झंडी दिखाकर रथ को रवाना किया।

यह विकास रथ आसींद-हुरड़ा विधानसभा क्षेत्र के सभी पंचायत मुख्यालयों तक पहुंचेगा और भाजपा सरकार के दो वर्ष में किए गए जनकल्याणकारी कार्यों और योजनाओं की जानकारी ग्रामीण क्षेत्रों तक पहुंचाएगा। रथ के माध्यम से सरकार की प्रमुख उपलब्धियों को प्रदर्शित किया जाएगा। इनमें 450 घरेलू गैस कनेक्शन, 12 लाख महिलाओं को लखपति दीदी योजना से जोड़ना, बालिका जन्म पर सहायता राशि एक लाख से बढ़ाकर डेढ़ लाख रुपए करना शामिल है। इसके अलावा ऊर्जा उत्पादन में 26% की वृद्धि, रूफटॉप सोलर योजना पर 78,000 रुपए तक की सहायता राशि और 17 जिलों में 26,000 करोड़ रुपए की राम जल सेतु परियोजना जैसी योजनाओं को भी प्रदर्शित किया जाएगा।

विकास रथ में लगी एलईडी स्क्रीन के माध्यम से विशेष रूप से पंचायत मुख्यालयों और दूरदराज की ढाणियों में योजनाओं और विकास कार्यों की जानकारी ग्रामीणों तक पहुंचाई जाएगी।

इस अवसर पर आसींद तहसीलदार जय सिंह, भाजपा नगर अध्यक्ष अनिल सिंह तवर, नगर पालिका उपाध्यक्ष विक्रम सिंह चुंडावत, ग्रामीण मंडल अध्यक्ष फौजमल गुर्जर सहित कई प्रशासनिक अधिकारी, भाजपा कार्यकर्ता और प्रबुद्ध नागरिक उपस्थित रहे।

इसी तरह मांडल में राज्य सरकार के दो वर्ष का कार्यकाल पूरा होने के उपलक्ष्य में 'बदलता राजस्थान–बढ़ता राजस्थान सुशासन रथ' का शुभारंभ किया गया। शनिवार सुबह मांडल बस स्टैंड पर विधायक उदय लाल भडाणा ने उपखंड अधिकारी संजना जोशी की उपस्थिति में रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

विधायक भडाणा ने बताया कि यह रथ राज्य और केंद्र सरकार की जन कल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाएगा। भाजपा युवा नेता कमलेश सिंह गुड्डा ने भी बताया कि इसका उद्देश्य अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ सुनिश्चित करना है।

सुशासन रथ मांडल से रवाना होकर सुवाणा पंचायत समिति क्षेत्र के विभिन्न गांवों से गुजरेगा। इनमें पालड़ी, इन्द्रपुरा, तेलीखेड़ा, तस्वारिया, छापरी, छापरी खेड़ा, हुर्नियाखेड़ा, कालिया खेड़ा, चोपड़ा खेड़ा, रिछड़ा, गाडरी खेड़ा, भडाणी खेड़ा, बड़ा महुआ, गोरधनपुरा और पारलिया खेड़ा शामिल हैं। यह खायड़ा पहुंचकर रात्रि विश्राम करेगा।

इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष भैरू लाल गाडरी, प्रभारी सुनील कुमार देवपुरा, ओम भंडिया, लालकृष्ण सेन, मांडल उपाध्यक्ष मनीष शर्मा, सुभाष सोनी, भैरू तड़बा, किशन कीर, योगेश चौबे, भैरू खारोल, हमीद मोहम्मद शेख, देशराज जाट और नेपाल सिंह सुवाणा सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Tags

Next Story