भादू में अवैध बजरी परिवहन के खिलाफ ग्रामीणों का हंगामा, कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन की चेतावनी

भीलवाड़ा। जिले में अवैध बजरी खनन और उसके परिवहन को लेकर ग्रामीणों का गुस्सा खुलकर सामने आया। मांडल थाना क्षेत्र के भादू गांव में ग्रामीणों ने गांव से निकल रहे छह से अधिक बजरी से भरे ट्रैक्टरों को करीब आधे घंटे तक रोककर विरोध जताया और पुलिस को सूचना दी।
ग्रामीणों का आरोप है कि सूचना देने के बाद भी पुलिस और प्रशासनिक टीम करीब एक घंटे तक मौके पर नहीं पहुंची, जिससे लोगों में नाराजगी और बढ़ गई। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि अवैध खनन पर जल्द रोक नहीं लगी तो वे बड़ा आंदोलन करेंगे।
दरअसल, दो दिन पहले गुरुवार को गांव के एक युवक को अवैध बजरी खनन में लगे ट्रैक्टर ने टक्कर मार दी थी, जिससे वह घायल हो गया। इस घटना के बाद से गांव में आक्रोश का माहौल था। शनिवार सुबह कुछ ग्रामीण गांव के बाहर एकत्र हुए और बजरी से भरे ट्रैक्टरों को निकलते देख उन्हें रोक लिया।
ग्रामीणों का कहना है कि गांव में लंबे समय से अवैध खनन चल रहा है, जिससे हादसों का खतरा बना रहता है। उनका आरोप है कि प्रशासन की ढिलाई के कारण खनन माफिया बेखौफ होकर गतिविधियां संचालित कर रहे हैं। फिलहाल ग्रामीण कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे और ट्रैक्टरों को रोके रखा।
