खारी नदी में बजरी खनन को लेकर ग्रामीणों ने तहसीलदार को सौंपा ज्ञापन

खारी नदी में बजरी खनन को लेकर ग्रामीणों ने तहसीलदार को सौंपा ज्ञापन
X

फुलियां कलां (राजेश शर्मा)। फुलिया कलां, सणगारी, रामपुरा एवं गणपतियां खेड़ा के ग्रामवासियों ने खारी नदी में बजरी खनन को लेकर तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा। ग्रामीणों ने बजरी ठेकेदार द्वारा खनन कार्य निविदा शर्तों एवं एनजीटी नियमों के अनुसार कराने की मांग की।

ज्ञापन में फूलियाकलां तहसीलदार रामदेव धाकड़ को अवगत कराया गया कि खारी नदी में एक ठेकेदार द्वारा कांटा लगाने की केवल औपचारिकता की जा रही है। नदी किनारे रहने वाले ग्रामीणों ने मांग की कि ठेकेदार को खनन से पूर्व निविदा की शर्तों के अनुसार एनजीटी नियमानुसार सूचना बोर्ड लगाने, जिस क्षेत्र के लिए लीज स्वीकृत है उस क्षेत्र की स्पष्ट मार्किंग कर निर्धारित पिलर लगाने के निर्देश दिए जाएं, ताकि खनन सीमा का स्पष्ट ज्ञान हो सके।

ग्रामीणों ने कांटे पर सीसी कैमरे लगाने, निर्धारित समय की निगरानी करने तथा बजरी वाहनों का आवासीय बस्तियों से गुजरना पूर्णतया प्रतिबंधित करने की मांग भी की। ज्ञापन में बताया गया कि पूर्व में देखा गया है कि लीज धारक लीज के नाम पर पूरी नदी को खोद देते हैं, जिससे पर्यावरण एवं ग्रामीणों के जीवन पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है।

ग्रामीणों ने बताया कि खारी नदी आसपास के सभी गांवों की जीवन रेखा है, इसलिए इसके संरक्षण के लिए सख्त कार्रवाई आवश्यक है। उन्होंने प्रशासन से इस विषय में शीघ्र कार्रवाई की मांग की।

ज्ञापन सौंपते समय आसाराम, शंकर माली, मुकेश, दुर्गालाल शर्मा, बद्रीलाल जाट, सांवरलाल, महावीर माली, किशनलाल माली, सांवरलाल गोदारा, रामधन जाट, घनश्याम जाट, सूरतराम, रामनिवास, रंगलाल, कमलेश, सुरेश जाट, सांवरलाल गुर्जर, रामरतन, सुरेंद्र चाढ़ा, मोहन, रामस्वरूप जाट, हेमराज सहित फुलियाकलां, सणगारी, रामपुरा एवं गणपतियां खेड़ा के ग्रामीण मौजूद रहे।

Next Story