महिला दिवस पर ‘डब्ल्यू-26’ सामूहिक कला प्रदर्शनी 8 मार्च से

महिला दिवस पर ‘डब्ल्यू-26’ सामूहिक कला प्रदर्शनी 8 मार्च से
X

भीलवाड़ा। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर भीलवाड़ा में पहली बार देश-विदेश के कलाकारों की कलाकृतियों का अनूठा संगम देखने को मिलेगा। दीपिका आर्ट एकेडमी, नेशनल आर्टिस्ट एसोसिएशन एवं नवदीप के संयुक्त तत्वावधान में ‘डब्ल्यू-26 सामूहिक कला प्रदर्शनी’ का आयोजन 8 से 12 मार्च तक किया जा रहा है।

इस संबंध में आर्ट एकेडमी की निदेशक दीपिका पाराशर ने बताया कि प्रदर्शनी का विधिवत उद्घाटन 8 मार्च को प्रातः 10 बजे किया जाएगा। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर इस कला संगम का उद्घाटन शहर की विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य कर रही गणमान्य महिलाओं द्वारा किया जाएगा।

कार्यक्रम में नीतू ओस्तवाल मुख्य अतिथि, दिव्या बांगड़ सम्मानित अतिथि तथा गृशिमा शर्मा, डाॅ. अर्पणा श्यामसुखा, पूजा गलूंडिया, रिंकी मिश्रा, गीता चैधरी, श्रद्धा मानसिंहका और आशा गोयल विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगी।

40 कलाकारों की कृतियां होंगी प्रदर्शित

नेशनल आर्टिस्ट एसोसिएशन के फाउण्डर अतुल पडिया ने बताया कि प्रदर्शनी में देश-विदेश के करीब 40 कलाकारों की उत्कृष्ट कलाकृतियां प्रदर्शित की जाएंगी। इनमें चित्रकला, मूर्तिकला, प्रिंटमेकिंग, फोटोग्राफी, डिजिटल आर्ट और मिक्स मीडिया जैसी विभिन्न विधाओं के आकर्षक कार्य कला प्रेमियों को देखने को मिलेंगे।

कई देशों के कलाकारों की भागीदारी

इस अंतरराष्ट्रीय प्रदर्शनी में फ्रांस, जापान, इटली, बांग्लादेश, ईरान, नेपाल, क्रोएशिया और इजराइल सहित भारत के कोलकाता, लुधियाना, पुणे, बड़ौदा, अहमदाबाद, भीलवाड़ा, चंडीगढ़, जयपुर, जम्मू-कश्मीर, कल्याणी और जलगांव के कलाकार अपनी रचनात्मक कृतियां प्रस्तुत करेंगे।

दीपिका पाराशर ने बताया कि यह प्रदर्शनी केवल कला प्रदर्शन नहीं बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कला संवाद और सांस्कृतिक आदान-प्रदान का सशक्त मंच बनेगी। महिला दिवस पर आयोजित यह कला उत्सव भीलवाड़ा के कला प्रेमियों के लिए एक विशेष अवसर रहेगा।

शिल्प कला का प्रदर्शन 10 को

शिल्प कला में माहिर अल्य मिस्त्री भी अपनी कला का प्रदर्शन करेंगे। 10 मार्च को दोपहर 12 बजे से वो मिट्टी से लाइव डेमोस्ट्रेशन देंगे।

बच्चे भी दिखाएंगे अपना हुनर

दीपिका ने बताया कि 8 से 12 मार्च तक आयोजित इस प्रदर्शनी में विभिन्न स्कूल व काॅलेज के बच्चों को भी आमंत्रित किया गया है। साथ ही इस दौरान बच्चे भी अपनी कला का प्रदर्शन करेंगे और कला जगत के वरिष्ठ कलाकारों से कला के गुर भी सीखेंगे।

Next Story