नगर निगम टाउनहॉल में गूँजी 'दुविधा' की स्वरलहरियाँ: संगीतमयी प्रस्तुति 'माई री मैं का से कंहूं' ने जीता भीलवाड़ा का दिल

नगर निगम टाउनहॉल में गूँजी दुविधा की स्वरलहरियाँ: संगीतमयी प्रस्तुति माई री मैं का से कंहूं ने जीता भीलवाड़ा का दिल
X

भीलवाड़ा। रसधारा सांस्कृतिक संस्थान, जिला प्रशासन और लायंस क्लब भीलवाड़ा स्टार के संयुक्त तत्वाधान में आयोजित नाट्य महोत्सव के दूसरे दिन शहर के सांस्कृतिक आकाश पर कला का अद्भुत रंग बिखरा। 'रंग मस्ताने' संस्था की पहल और भारत सरकार के संस्कृति मंत्रालय के सौजन्य से राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय (NSD) रंगमंडल की 'रंग रथ यात्रा' ने नगर निगम के महाराणा प्रताप सभागार में विजयदान देथा की प्रसिद्ध कहानी 'दुविधा' पर आधारित नाटक 'माई री मैं का से कंहूं' का मर्मस्पर्शी मंचन किया।

दीप प्रज्वलन के साथ कला की रसधारा

कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ मुख्य अतिथि पंडित शम्भू प्रसाद पंवर, रंग मंडल मंच प्रबंधक अभिषेक मुद्गल, सुनील जगेटिया, अभिषेक-शोभिता खजानची, हितेश-रश्मि तिवारी, हरीश, पराग और सपना कोठारी ने दीप प्रज्वलित कर किया। मंच पर कलाकारों की ऊर्जा और लोक संगीत की जुगलबंदी ने दर्शकों को शुरुआत से ही बांधे रखा।

नारियों के अंतर्मन और सामाजिक रूढ़ियों का चित्रण

श्री अजय कुमार के निर्देशन और संगीत निर्देशन में सजी यह प्रस्तुति मानवीय संबंधों की जटिलताओं को खंगालती है। नाटक की कहानी एक ऐसी स्त्री के इर्द-गिर्द घूमती है, जो पति की लंबी अनुपस्थिति के बीच एक प्रेत के प्रेम में पड़ जाती है। राजस्थानी लोककथा की पृष्ठभूमि पर आधारित यह नाटक न केवल स्त्री की पीड़ा और अंतर्द्वंद्व को दर्शाता है, बल्कि समाज की विडंबनाओं पर भी गहरा प्रहार करता है। सशक्त संवादों और मर्मस्पर्शी लोकधुनों ने दर्शकों को भावुक कर दिया।

रंग षष्ठी: 60 वर्षों का कलात्मक सफर

यह आयोजन NSD रंगमंडल के 60 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में मनाए जा रहे 'रंग षष्ठी' उत्सव का हिस्सा है। मंच पर शिव प्रसाद गोंड, पूजा गुप्ता, मजीबुर रहमान, शिल्पा भारती और अनंत शर्मा सहित करीब दो दर्जन कलाकारों ने अपने जीवंत अभिनय से पात्रों को अमर कर दिया। उत्कृष्ट वेशभूषा, प्रकाश परिकल्पना और पारंपरिक रंग तत्वों के प्रयोग ने इस संगीतमय नाटक को यादगार बना दिया।

कल होगा नाटक 'बाबूजी' का मंचन

महोत्सव के समापन अवसर पर शनिवार शाम 7:30 बजे नगर निगम टाउनहॉल में राजेश सिंह द्वारा निर्देशित नाटक 'बाबूजी' का मंचन किया जाएगा। आयोजकों ने शहर के कला प्रेमियों से बड़ी संख्या में पहुंचने की अपील की है।

Next Story