महामृत्युंजय जाप और दुग्धाभिषेक के साथ नव संवत्सर का स्वागत

भीलवाड़ा । भारतीय सांस्कृतिक एवं धार्मिक परंपरा के अनुसार कल, 19 मार्च 2026, गुरुवार को चैत्र शुक्ल प्रतिपदा के साथ हिंदू नववर्ष 'विक्रम संवत 2083' का आगाज होने जा रहा है। इस पावन अवसर, चैत्र नवरात्रि और राजस्थान दिवस की पूर्व संध्या पर आज बुधवार प्रातः 9:15 बजे अंतरराष्ट्रीय माहेश्वरी कपल क्लब (भारत) की भीलवाड़ा जिला शाखा द्वारा विशेष आध्यात्मिक अनुष्ठान का आयोजन किया गया। विश्व में सुख, शांति और स्थिरता की कामना के साथ घांधोलाई तालाब पाल स्थित श्री चारभुजा शिव मंदिर में भगवान महेश का महामृत्युंजय मंत्रोच्चार के बीच दुग्धाभिषेक किया गया।

आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर हुआ वातावरण

कार्यक्रम क्लब की राष्ट्रीय महासचिव अनिता डॉ. अशोक सोडाणी के मुख्य आतिथ्य एवं राजस्थान प्रदेश अध्यक्ष डॉ. सुमन सुरेश सोनी की अध्यक्षता में संपन्न हुआ। विशिष्ट अतिथि के रूप में पूर्व जिलाध्यक्ष सुनील जागेटिया, जिला पदाधिकारी गीता जगदीश चन्द्र मून्दड़ा व रामचन्द्र मून्दड़ा उपस्थित रहे। जैसे ही भक्तों ने समवेत स्वर में "ऊं त्र्यंम्बकम यजामहे..." का पाठ शुरू किया, संपूर्ण मंदिर परिसर शिवमय हो गया। मुख्य अतिथि अनिता सोडाणी ने बताया कि इसी दिन ब्रह्मा जी ने सृष्टि की रचना की थी। विशेष बात यह है कि इस वर्ष राजस्थान सरकार द्वारा 30 मार्च के स्थान पर 19 मार्च को ही राजस्थान दिवस मनाया जा रहा है।

नन्ही ईवा के मंत्रोच्चार ने मोहा मन

इस आयोजन का मुख्य आकर्षण तीन वर्षीय नन्ही बालिका बेबी ईवा सोनी रही, जिसने स्पष्ट उच्चारण के साथ महामृत्युंजय मंत्र का जाप कर भगवान भोलेनाथ का अभिषेक किया। अंतरराष्ट्रीय भजन गायिका डॉ. सुमन सोनी की शिव वंदना ने उपस्थित जनसमूह को भाव-विभोर कर दिया। कार्यक्रम के अंत में क्लब की ओर से मंदिर के पुजारी का सम्मान किया गया एवं मंदिर में अखंड ज्योति हेतु शुद्ध देशी घी भेंट किया गया।

Tags

Next Story