एक संगत, एक पंगत और भक्ति भाव के साथ हिंदू एकता के जयकारों से गूंजा भीलवाड़ा शहर

भीलवाड़ा। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष में वार्ड 52 दादाबाड़ी क्षेत्र में विराट हिंदू सम्मेलन भव्य रूप से संपन्न हुआ। सम्मेलन में हजारों की संख्या में महिलाएं एवं बालिकाएं बड़े उत्साह के साथ कलश यात्रा में सम्मिलित हुईं, जिससे पूरे क्षेत्र में धर्ममय एवं उत्सवपूर्ण वातावरण बन गया।
कार्यक्रम के दौरान जयपुर केंद्र से पधारे संघ चालक डॉ. रमेश चंद्र अग्रवाल ने वंदे मातरम के जयकारों के साथ हिंदू एकता की मिसाल प्रस्तुत की। एक संगत, एक पंगत के पश्चात उन्होंने मंच का संचालन किया और विभिन्न विषयों पर विस्तार से बौद्धिक जानकारी प्रदान की।
बौद्धिक सत्र में मंच पर विराजमान श्री पंचमुखी दरबार के महंत श्री परमेश्वर दास जी महाराज एवं शिवालय के महंत श्री राम गिरि जी महाराज ने जय श्री राम के जयकारों के साथ सभी से आह्वान किया कि इस विराट हिंदू सम्मेलन का उद्देश्य हम सब एक हैं और एक रहेंगे का संदेश जन-जन तक पहुंचाना है।
कार्यक्रम में दुर्गा शक्ति अखाड़े की मातृशक्ति बहनों द्वारा आकर्षक अखाड़ा प्रदर्शन किया गया। पूरे क्षेत्र में लोगों ने जगह-जगह पुष्प वर्षा कर आयोजन का स्वागत किया। आयोजन समिति के अध्यक्ष बंसीलाल पटेल ने कार्यक्रम में पधारे पुलिस प्रशासन, पत्रकार बंधुओं सहित समस्त हिंदू समाज का आभार व्यक्त किया।
समिति के संयोजक राधेश्याम सोलंकी ने बताया कि बालिकाओं ने श्री राम, लक्ष्मण, माता सीता सहित विभिन्न देवियों के रूप धारण कर सुंदर नृत्य प्रस्तुतियां दीं। बौद्धिक सत्र में महिला मंडल अध्यक्ष रेखा डीडवानिया ने एकता में विजेता का संकेत विषय पर हिंदू संस्कृति की महत्वपूर्ण जानकारियां साझा कीं।
आयोजन के समापन के पश्चात सामूहिक भोजन का कार्यक्रम आयोजित किया गया। भोजन व्यवस्था में लगे राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के स्वयंसेवकों ने सभी को संकल्प दिलवाया कि कोई भी व्यक्ति पत्तल में भोजन जूठा नहीं छोड़ेगा। यदि कोई ऐसा करता पाया गया तो उसे वह भोजन अपने घर ले जाना होगा तथा स्वयं की पत्तल स्वयं उठानी होगी। इस पहल की सभी श्रद्धालुओं ने सराहना की।
आयोजन में दादाबाड़ी क्षेत्र के समस्त हिंदू समाज के वरिष्ठजन, माताएं-बहनें एवं युवाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई।
