जहरीले जीव के काटने से महिला की मौत

शक्करगढ़।थाना क्षेत्र के बाकरा गांव में सोमवार सुबह एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां खेत में काम करते समय एक महिला की जहरीले जीव के काटने से मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।
पुलिस के अनुसार, बाकरा निवासी पप्पू लाल मीना ने रिपोर्ट दर्ज करवाई कि सोमवार सुबह वह अपनी मां झमकू देवी के साथ खेत में गेहूं की फसल निकलवा रहे थे। इसी दौरान अचानक किसी जहरीले जीव ने झमकू देवी को काट लिया, जिससे वह अचेत होकर गिर पड़ीं। परिजन उन्हें तुरंत शक्करगढ़ अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शक्करगढ़ में पोस्टमार्टम करवाया। इसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
पुलिस ने बताया कि मामले में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है और अग्रिम कार्रवाई जारी है।
