झूलेलाल मंदिर में महिलाओं ने गुलाल और फूलों संग मनाया फागोत्सव

भीलवाड़ा। शहर के झूलेलाल मंदिर में गुरुवार को सिंधी समाज की झूलेलाल महिला मंडली द्वारा मथुरा-वृंदावन और बरसाना की तर्ज पर फागोत्सव का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में राधा-कृष्ण एवं भगवान झूलेलाल के संग महिलाओं ने गुलाल, रंग, अबीर और फूलों से उत्सव मनाते हुए भक्तिमय माहौल बना दिया।
सिंधी समाज के मीडिया प्रभारी मूलचंद बहरवानी ने बताया कि पूज्य हेमराजमल साहब सेवा समिति के तत्वावधान में सामाजिक सरोकारों के अंतर्गत आयोजित इस फागोत्सव कार्यक्रम की शुरुआत दादी भगवंती भगत के नेतृत्व में हुई। इस अवसर पर सपना झूरानी, कोमल चावला, सीमा भगत, रानी कलवानी, भारती भगत, सुशीला लखानी, कोमल थावानी, विद्या फुलवानी, सरिता केवलानी, रूकमणि जेठानी, कोमल भगत, माया जेठानी, भारती भगत सहित सैकड़ों महिलाओं ने सर्वप्रथम भगवान झूलेलाल की प्रतिमा पर गुलाल और अबीर अर्पित कर फूल चढ़ाए तथा पारंपरिक रूप से होली का फागोत्सव मनाया।
इस दौरान पारंपरिक सिंधी व्यंजन जैसे गीयर, रोट प्रसाद की कुटी और रेवड़ी आदि का भोग लगाकर प्रसाद स्वरूप सभी श्रद्धालुओं में वितरित किया गया।
कार्यक्रम में उपस्थित महिला श्रद्धालुओं ने आकर्षक नृत्य प्रस्तुत कर राधा-कृष्ण का आव्हान किया और पूरे परिसर को भक्ति एवं उल्लास के रंग में रंग दिया।
अंत में सभी महिलाओं ने एक-दूसरे को गले लगाकर फागोत्सव एवं होली पर्व की शुभकामनाएं दीं।
