महिला दिवस सप्ताह पर जिला स्तरीय विभागीय योजनाओं के प्रचार प्रसार हेतु कार्यशाला आयोजित

भीलवाड़ा । महिला दिवस सप्ताह के अवसर पर जिला स्तर पर महिला अधिकारिता विभाग द्वारा विभागीय योजनाओं के प्रचार-प्रसार हेतु कार्यशाला का आयोजन किया गया।
उपनिदेशक नगेन्द्र कुमार तोलम्बिया ने बताया कि इस कार्यशाला का उद्देश्य महिलाओं को विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी देना और उन्हें उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना है।
उन्होंने आरएससीआईटी, शिक्षा सेतु योजना, मुख्यमंत्री नारी शक्ति उद्यम प्रोत्साहन योजना, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह एवं अनुदान योजना तथा लाडो प्रोत्साहन योजना के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
पन्नाधाय सुरक्षा एवं सम्मान केन्द्र की केन्द्रप्रबंधक गंगा दाधीच ने बताया कि सरकार महिलाओं के सशक्तिकरण, सुरक्षा और आर्थिक आत्मनिर्भरता के लिए कई महत्वपूर्ण योजनाएं संचालित कर रही है, जिनसे शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वरोजगार और सामाजिक उत्थान से जुड़ी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
कार्यशाला में विभिन्न ब्लॉकों से आई सुपरवाइजर्स, वन स्टॉप सेंटर (सखी) और महिला सुरक्षा एवं सम्मान केन्द्र के काउंसलर्स ने अपने विचार व्यक्त किए तथा योजनाओं से जुड़े प्रश्न पूछे, जिनका अधिकारियों द्वारा समाधान किया गया। साथ ही महिलाओं को घरेलू हिंसा, बाल विवाह और उत्पीड़न जैसी सामाजिक समस्याओं के प्रति जागरूक रहने तथा किसी भी परेशानी की स्थिति में संबंधित विभागों व सहायता केन्द्रों से संपर्क करने के लिए प्रेरित किया गया।
---000---
