विश्व क्षय रोग दिवस: भीलवाड़ा में टीबी उन्मूलन के लिए जन-जागरूकता रैली को हरी झंडी

भीलवाड़ा । विश्व क्षय रोग दिवस के अवसर पर मंगलवार को भीलवाड़ा जिले में टीबी मुक्त भारत के संकल्प के साथ व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजीव कुमार शर्मा और जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. प्रदीप कटारिया ने जिला क्षय निवारण केंद्र से जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इस वर्ष की थीम “हाँ, हम टीबी का अंत कर सकते हैं-भारत के नेतृत्व में, जनभागीदारी की शक्ति से” के संदेश को प्रभावी ढंग से प्रचारित किया गया। रैली में जीएनएम, एएनएम विद्यार्थियों और डीटीसी कर्मचारियों ने शहर के मुख्य मार्गों पर माइकिंग और ऑडियो क्लिप के जरिए टीबी से बचाव, जांच और मुफ्त उपचार की जानकारी दी।
100 दिवसीय विशेष अभियान का आगाज
डॉ. शर्मा ने बताया कि आज से जिले में 100 दिवसीय “टीबी मुक्त भारत अभियान” की शुरुआत की गई है। इसके तहत सभी स्वास्थ्य केंद्रों पर सघन जांच की जाएगी और मरीजों को तत्काल उपचार से जोड़ा जाएगा। अभियान के दौरान स्कूलों और सामुदायिक स्तर पर भी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित होंगे।
रंगोली और केनोपी से जागरूकता
अभियान की पूर्व संध्या पर सूचना केंद्र चौराहे पर आकर्षक रंगोली बनाई गई। वहीं, मंगलवार को महात्मा गांधी अस्पताल और सूचना केंद्र पर विशेष केनोपी लगाकर आमजन को प्रचार सामग्री बांटी गई। कार्यक्रम में डिप्टी सीएमएचओ डॉ. प्रवीण झरवाल सहित चिकित्सा विभाग के कई अधिकारी, कर्मचारी और प्रबुद्धजन मौजूद रहे। सभी उपस्थितों ने सामूहिक रूप से जिला व देश को टीबी मुक्त बनाने का संकल्प लिया।
