भीलवाड़ा में फिल्म ‘Yadav Ji Ki Love Story’ को लेकर यादव समाज ने जताई आपत्ति, प्रदर्शन रोकने की मांग

भीलवाड़ा। आगामी 27 फरवरी 2026 को प्रदर्शित होने वाली फिल्म Yadav Ji Ki Love Story को लेकर भीलवाड़ा में यादव (अहीर) समाज ने कड़ा विरोध दर्ज कराया है। समाज के प्रतिनिधियों ने इस संबंध में पुलिस अधीक्षक भीलवाड़ा को शिकायत प्रस्तुत कर फिल्म के प्रदर्शन पर रोक लगाने की मांग की है।
समस्त यादव (अहीर) समाज, भीलवाड़ा के पदाधिकारियों की ओर से दी गई शिकायत में कहा गया है कि फिल्म के प्रचार-प्रसार, पोस्टर, ट्रेलर एवं सोशल मीडिया सामग्री से यह प्रतीत होता है कि इसमें यादव समाज को आपत्तिजनक एवं गलत तरीके से प्रस्तुत किया गया है। शिकायतकर्ताओं का कहना है कि इस प्रकार की प्रस्तुति से समाज की भावनाएं आहत हो रही हैं और विभिन्न क्षेत्रों में रोष एवं असंतोष की स्थिति बन रही है।
शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि यदि फिल्म का प्रदर्शन बिना जांच के किया जाता है तो सामाजिक वैमनस्य एवं तनाव बढ़ सकता है। साथ ही विभिन्न समुदायों के बीच शांति भंग होने, कानून एवं व्यवस्था की स्थिति प्रभावित होने तथा सार्वजनिक अशांति फैलने की आशंका जताई गई है।
यादव समाज के प्रतिनिधियों ने प्रशासन से मांग की है कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर उचित जांच कराई जाए तथा जांच पूर्ण होने तक फिल्म के प्रदर्शन पर रोक लगाने हेतु आवश्यक कानूनी कार्यवाही की जाए। उन्होंने यह भी कहा है कि वे आवश्यक साक्ष्य, पोस्टर, सोशल मीडिया लिंक एवं अन्य संबंधित सामग्री उपलब्ध कराने के लिए तैयार हैं।
समाज के पदाधिकारियों ने प्रशासन से इस विषय को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र कार्रवाई करने की मांग की है।
