मण्डोल बांध टोल प्लाजा पर अवैध वसूली का आरोप, ग्रामीणों ने उपखंड अधिकारी को सौंपा ज्ञापन

मण्डोल बांध टोल प्लाजा पर अवैध वसूली का आरोप, ग्रामीणों ने उपखंड अधिकारी को सौंपा ज्ञापन
X

बिजौलियाँ (दीपक राठौर)। कस्बे के मण्डोल बांध स्थित टोल प्लाजा पर स्थानीय निवासियों से की जा रही टोल वसूली और नियमों की अनदेखी के विरोध में आज क्षेत्रवासियों का गुस्सा फूट पड़ा। ग्रामीणों ने एकजुट होकर उपखंड अधिकारी अजीत सिंह राठौड़ को ज्ञापन सौंपा और टोल प्लाजा की वैधता की जांच की मांग की।

ग्रामीणों का मुख्य आरोप है कि मण्डोल बांध स्थित स्टेट हाईवे टोल प्लाजा और बूंदी टोल प्लाजा के बीच की दूरी मात्र 26 किलोमीटर है। जबकि सामान्य नियमों के अनुसार, दो टोल प्लाजा के बीच कम से कम 60 किलोमीटर का फासला होना अनिवार्य है। इस नियम के उल्लंघन के बावजूद यहाँ धड़ल्ले से वसूली की जा रही है, जिससे स्थानीय लोगों पर आर्थिक बोझ बढ़ रहा है।

फर्जी रसीद की आशंका और स्थानीयों को परेशानी

ज्ञापन में बताया गया कि स्थानीय निवासियों को टोल से गुजरने के दौरान अक्सर रोका जाता है, जबकि नियमानुसार क्षेत्रवासियों को छूट या विशेष सुविधा मिलनी चाहिए। इसके अलावा, ग्रामीणों ने एक गंभीर तकनीकी गड़बड़ी की ओर भी इशारा किया है। टोल प्लाजा द्वारा दी जाने वाली रसीद पर मौजूद QR कोड या स्कैनर को स्कैन करने पर कोई सही जानकारी प्राप्त नहीं होती, जिससे रसीदों के फर्जी होने और अवैध वसूली की प्रबल आशंका जताई गई है।

क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि:

टोल प्लाजा की स्वीकृति और नियमों की पालना की तत्काल निष्पक्ष जांच की जाए।

टोल वसूली की वैधता की पुष्टि की जाए।

यदि वसूली नियमों के विरुद्ध पाई जाती है, तो इसे तुरंत बंद करवाकर संबंधित कंपनी या जिम्मेदार व्यक्तियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।

इस दौरान कांग्रेस मंडल अध्यक्ष अनिल राव, यशवंत सिंह पुंगलिया, रणजीत सिंह कानावत, सेवा दल जिला महासचिव कुंज बिहारी मैहर, एससी प्रकोष्ठ अध्यक्ष, मनीष टॉक, विवेक नलवाया, मीवाश नलवाया, अक्षय कुमार, उमेश शर्मा, रजत, कैलाश धोबी सहित बड़ी संख्या में कस्बे वासी उपस्थित रहे।

Tags

Next Story