सांवरिया जी दर्शन को जा रहे श्रद्धालुओं की बोलेरो पलटी, 11 लोग बाल-बाल बचे

सांवरिया जी दर्शन को जा रहे श्रद्धालुओं की बोलेरो पलटी, 11 लोग बाल-बाल बचे
X


बिजोलिया |चित्तौड़गढ़ स्थित प्रसिद्ध सांवरिया सेठ मंदिर के दर्शन के लिए जा रहे टोंक के श्रद्धालुओं की खुशियां उस समय दहशत में बदल गईं, जब उनकी बोलेरो कार शनिवार देर रात बिजोलिया थाना क्षेत्र के कल्याणपुरा गांव के पास अनियंत्रित होकर पलट गई। इस भीषण हादसे में बोलेरो में सवार सभी 11 लोग चमत्कारिक रूप से सुरक्षित बच गए।

नीलगाय के सामने आने से बिगड़ा संतुलन

प्राप्त जानकारी के अनुसार, टोंक जिले से श्रद्धालु शनिवार देर रात करीब 12 बजे बोलेरो में सवार होकर सांवरिया जी के दर्शन के लिए निकले थे। जब गाड़ी कल्याणपुरा गांव के पास पहुंची, तो अचानक सड़क पर एक नीलगाय आ गई। नीलगाय को बचाने के प्रयास में चालक ने अचानक ब्रेक लगाए, जिससे वाहन का संतुलन बिगड़ गया और बोलेरो सड़क किनारे पलट गई।

देर रात मचा हड़कंप, पुलिस पहुंची मौके पर

हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई, जिसे सुनकर स्थानीय लोग मदद के लिए दौड़े। गनीमत रही कि गाड़ी पलटने के बावजूद किसी को गंभीर चोट नहीं आई और सभी 11 सवार सुरक्षित बाहर निकाल लिए गए। सूचना मिलते ही बिजोलिया पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने बताया कि फिलहाल मामले की जांच की जा रही है और सभी यात्री पूरी तरह सुरक्षित हैं।

Next Story