शेयर बाजार में कोहराम: अमेरिकी संकेतों से सेंसेक्स 500 अंक टूटा, निफ्टी में भी भारी गिरावट

मुंबई। वैश्विक बाजारों, विशेषकर अमेरिकी बाजार से मिले कमजोर संकेतों के कारण हफ्ते के दूसरे कारोबारी दिन मंगलवार को भारतीय शेयर बाजार की शुरुआत बेहद निराशाजनक रही। सेंसेक्स और निफ्टी दोनों ही प्रमुख सूचकांक लाल निशान के साथ खुले और देखते ही देखते बिकवाली के दबाव में बिखर गए। सेंसेक्स जहां 83,053 पर खुलकर करीब 500 अंकों की गोता लगा गया, वहीं निफ्टी भी अपने पिछले बंद स्तर से काफी नीचे फिसल गया।
आईटी सेक्टर में सबसे बड़ी मार, निवेशकों के डूबे करोड़ों
बाजार खुलते ही चौतरफा बिकवाली देखने को मिली। सबसे ज्यादा गिरावट निफ्टी आईटी इंडेक्स में दर्ज की गई, जो 3.34 प्रतिशत तक टूट गया। इसके अलावा ऑटो, एफएमसीजी और बैंकिंग सेक्टर के शेयरों में भी गिरावट का रुख रहा। दिग्गज कंपनियों जैसे एचसीएल टेक, इंफोसिस, टीसीएस और टेक महिंद्रा के शेयरों में भारी गिरावट ने निवेशकों की चिंता बढ़ा दी है। हालांकि, गिरावट के इस दौर में भी एसबीआई, एशियन पेंट्स और एक्सिस बैंक जैसे कुछ शेयरों में हल्की मजबूती देखी गई।
क्या कहते हैं बाजार के जानकार?
मार्केट एक्सपर्ट्स के अनुसार, निफ्टी के लिए फिलहाल 25,550-25,600 का स्तर एक महत्वपूर्ण सपोर्ट के रूप में काम कर रहा है। तकनीकी जानकारों का मानना है कि जब तक निफ्टी 26,000 के स्तर को पार कर वहां टिक नहीं जाता, तब तक नई खरीदारी से बचना चाहिए। हालांकि, विदेशी संस्थागत निवेशकों (FII) ने पिछले सत्र में 3,843 करोड़ रुपए की खरीदारी कर बाजार को संभालने की कोशिश की थी, लेकिन वैश्विक अनिश्चितताओं और बढ़ते उतार-चढ़ाव ने घरेलू बाजार पर दबाव बना दिया है। फिलहाल निवेशकों को सतर्क रहने और केवल मजबूत बुनियादी वाले शेयरों पर ही ध्यान देने की सलाह दी जा रही है।
