पश्चिम एशिया में युद्ध की आहट से कच्चे तेल में उबाल: ब्रेंट क्रूड $112 के पार, वैश्विक बाजार में मची हलचल

नई दिल्ली पश्चिम एशिया तनाव का असर कच्चे तेल की कीमतों पर देखने को मिल रहा है। वैश्विक बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में हल्की गिरावट दर्ज की गई है। अंतरराष्ट्रीय तेल बेंचमार्क ब्रेंट क्रूड वायदा कारोबार में 0.60 फीसदी की कमजोरी के साथ 112.90 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार करता देखा गया।
पश्चिम एशिया तनाव ने बढ़ाई अनिश्चितता
तेल बाजार में उतार-चढ़ाव तब और बढ़ गया जब अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को दो दिन के भीतर स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को फिर से खोलने का अल्टीमेटम दिया। उन्होंने चेतावनी दी कि ऐसा नहीं करने पर ईरान के पावर प्लांट्स पर संभावित हमले हो सकते हैं।
इसके जवाब में ईरान ने चेताया कि अगर उसके ठिकानों पर हमला हुआ तो वह इस अहम समुद्री मार्ग को पूरी तरह बंद कर सकता है और ऊर्जा, आईटी तथा जल आपूर्ति ढांचे को निशाना बना सकता है।
सैन्य गतिविधियों से बाजार में घबराहट
रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिका पश्चिम एशिया में हजारों अतिरिक्त मरीन और नौसैनिक भेज रहा है। इससे क्षेत्र में तनाव और बढ़ गया है, जिसका असर वैश्विक वित्तीय बाजारों पर साफ दिखाई दे रहा है।
गोल्डमैन सैक्स ने बढ़ाया अनुमान
वैश्विक तेल बाजार में बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव के बीच अमेरिकी निवेश बैंक गोल्डमैन सैक्स ने 2026 के लिए कच्चे तेल की कीमतों का अनुमान तेजी से बढ़ा दिया है। बैंक ने चेतावनी दी है कि होर्मुज जलडमरूमध्य में आपूर्ति बाधित होने से यह वैश्विक क्रूड बाजार के इतिहास का सबसे बड़ा सप्लाई शॉक बन सकता है।गोल्डमैन सैक्स के अनुसार, 2026 में ब्रेंट क्रूड की औसत कीमत अब 85 डॉलर प्रति बैरल रहने का अनुमान है, जो पहले के 77 डॉलर के अनुमान से करीब 10% अधिक है। वहीं, WTI (वेस्ट टेक्सास इंटरमीडिएट) का अनुमान भी बढ़ाकर 79 डॉलर प्रति बैरल कर दिया गया है, जो पहले 72 डॉलर था।
