रिलायंस भारतीय ग्राहकों के लिए लाएगी फिनलैंड की मशहूर फेज़र चॉकलेट

नई दिल्ली रिलायंस कंज्यूमर प्रोडक्ट्स लिमिटेड (RCPL) ने फिनलैंड की प्रमुख फूड कंपनी फेज़र के साथ एक समझौते की घोषणा की है। जिसके तहत भारतीय ग्राहकों के लिए प्रीमियम चॉकलेट और कन्फेक्शनरी जैसे फूड प्रोडक्ट पेश किए जाएंगे। दोनों कंपनियां भारत में दीर्घकालिक रणनीतिक साझेदारी के तहत फेज़र के रेसिपी और गुणवत्ता मानकों के अनुसार चॉकलेट का उत्पादन, मार्केटिंग और वितरण करेंगी। यह समझौता फिनलैंड के राष्ट्रपति अलेक्जेंडर स्टब्ब की भारत यात्रा के दौरान किया गया।
रिलायंस कंज्यूमर प्रोडक्ट्स के डायरेक्टर टी. कृष्णकुमार ने कहा कि यह साझेदारी दुनिया की बेहतरीन चॉकलेट भारतीय ग्राहकों तक पहुंचाने की दिशा में अहम कदम है। उन्होंने कहा कि फेज़र के वैश्विक ब्रांड और निर्माण विशेषज्ञता को रिलायंस के मजबूत वितरण नेटवर्क और भारतीय बाजार की समझ के साथ जोड़कर ग्राहकों को विश्वस्तरीय उत्पाद उपलब्ध कराए जा सकेंगे।
इस साझेदारी के तहत फेज़र के प्रीमियम चॉकलेट ब्रांड्स को रिलायंस के देशभर में फैले करीब 30 लाख रिटेल आउटलेट्स के नेटवर्क के जरिए बाजार में उतारा जाएगा।
गौरतलब है कि 2022 में स्थापित RCPL ने चॉकलेट और कन्फेक्शनरी बाजार में तेजी से विस्तार किया है। कंपनी ने भारत के पारंपरिक ब्रांड रावलगांव, टॉफीमैन और पान-पसंद को दोबारा बाजार में उतारा है, साथ ही लोटस चॉकलेट को भी अपने पोर्टफोलियो में शामिल किया है। दूसरी तरफ फेज़र के प्रोडक्ट 40 से अधिक देशों में उपलब्ध हैं।
