सेंसेक्स ने 6000 अंकों का गोता लगाया, निफ्टी 1600 अंक टूटा

आज लोकसभा चुनाव 2024 के परिणाम आने हैं। ऐसे में आज इस बात का पटाक्षेप हो जाएगा कि चुनाव परिणाम बाजार पर क्या असर डालेंगे। इस लाइव ब्लॉग में हम आपको आज के दिन की बाजार से जुड़ी हर गतिविधि से अपडेट करवाते रहेंगे। हमारे साथ बने रहिए। फिलहाल पक्ष और विपक्ष में कांटे की टक्कर के बीच बाजार औंधे मुंह गिर गए हैं।
निफ्टी ने 2024 की पूरी बढ़त गंवाई
चुनाव परिणामों में एनडीए के अपेक्षा से कमजोर परिणाम रहने के बाद शेयर बाजार में बड़ी गिरावट आई है। निफ्टी ने साल 2024 में अब तक हासिल अपनी पूरी बढ़त गंवा दी है। अदाणी पोर्ट्स, अदाणी एंटरप्राइजेज, ओएनजीसी, एनटीपीसी और कोल इंडिया के शेयर निफ्टी के टॉप लूजर्स हैं।
आम चुनाव परिणामों के दिन बाजार में अब तक की सबसे बड़ी गिरावट, निवेशकों को 36 लाख करोड़ का झटका
शेयर बाजार में चुनाव परिणामों के दिन की अब तक की सबसे बड़ी गिरावट आई है। एनडीए और इंडी गठबंधन के बीच कांटे की टक्कर के बीच सेंसेक्स पहली बार चुनाव परिणाम के दिन 6000 अंकों से अधिक फिसल गया।शेयर बाजार में चुनावी नतीजों के बीच हाहाकार दिख रहा है। दोपहर 12 बजकर 16 मिनट पर सेंसेक्स 5188.93 (6.79%) अंकों की गिरावट के साथ 71,279.85 के स्तर पर पहुंच गया। दूसरी ओर निफ्टी 1,627.10 (6.99%) अंक फिसल कर 21,636.80 पर कारोबार करता दिखा। बीएसई पर सभी सूचीबद्ध कंपनियों का बाजार पूंजीकरण 36.3 लाख करोड़ रुपये घटकर 425.9 लाख करोड़ रुपये पर पहुंच गया। इससे पूर्व अब तक बाजार में लोकसभा चुनाव परिणाम के दिन इतनी बड़ी गिरावट नहीं आई थी। पिछले आम चुनावों में परिणाम के बाद सेंसेक्स का क्या हाल रहा था नीचे चार्ट में देखें।