जोमैटो का झटका: अब खाना ऑर्डर करना हुआ महंगा, प्लेटफॉर्म फीस में 19% की भारी बढ़ोतरी

भीलवाड़ा। ऑनलाइन फूड डिलीवरी प्लेटफॉर्म जोमैटो ने अपने करोड़ों यूजर्स को महंगाई का एक और झटका दिया है। कंपनी ने शुक्रवार से प्लेटफॉर्म फीस में 19% का इजाफा कर दिया है। अब ग्राहकों को हर फूड ऑर्डर पर पहले से ज्यादा जेब ढीली करनी होगी। नई दरें जोमैटो के ऐप पर तत्काल प्रभाव से लागू कर दी गई हैं।
₹12.50 के बजाय अब देने होंगे ₹14.90
इस बढ़ोतरी के बाद अब यूजर्स को हर ऑर्डर पर ₹12.50 के बजाय ₹14.90 प्लेटफॉर्म फीस देनी होगी। ध्यान रहे कि यह केवल बेस फीस है, इसमें GST जोड़ने के बाद कुल राशि और भी बढ़ जाएगी। यह शुल्क रेस्तरां चार्ज, डिलीवरी फीस और GST से अतिरिक्त होता है, जो कंपनी अपने ऑपरेशनल खर्चों के लिए वसूलती है।
7 महीने में दूसरी बार बढ़े दाम
जोमैटो ने पिछले 7 महीनों में दूसरी बार अपनी फीस बढ़ाई है। इससे पहले सितंबर 2025 में भी 20% की वृद्धि की गई थी। बता दें कि अगस्त 2023 में जोमैटो ने मात्र ₹2 से इस फीस की शुरुआत की थी, जो अब बढ़ते-बढ़ते ₹15 के करीब पहुँच गई है।
बढ़ोतरी के पीछे मुख्य कारण
कंपनी के अनुसार, इस बढ़ोतरी के पीछे दो बड़े कारण हैं:कच्चे तेल की बढ़ती कीमतें: अंतरराष्ट्रीय स्तर पर तेल महंगा होने से डिलीवरी पार्टनर्स का खर्च और लॉजिस्टिक्स ऑपरेशन्स की लागत बढ़ गई है।
प्रॉफिटेबिलिटी (मुनाफा): कंपनी अपने मुनाफे के ग्राफ को सुधारने और ऑपरेशनल कॉस्ट को मैनेज करने के लिए समय-समय पर यह बदलाव करती है।
स्विगी और जोमैटो की होड़
जोमैटो की मुख्य प्रतिद्वंदी कंपनी स्विगी भी वर्तमान में टैक्स समेत लगभग ₹14.99 प्लेटफॉर्म फीस वसूल रही है। बाजार के जानकारों का कहना है कि जब भी इनमें से कोई एक कंपनी दाम बढ़ाती है, तो दूसरी भी जल्द ही प्रतिस्पर्धा में अपने दाम बढ़ा देती है। जोमैटो प्रतिदिन लगभग 20 से 25 लाख ऑर्डर डिलीवर करता है, ऐसे में ₹2 की मामूली बढ़ोतरी से भी कंपनी के राजस्व में बड़ा उछाल आएगा।
भीलवाड़ा हलचल न्यूज पोर्टल पर अपनी खबर देने के लिए संपर्क करें:
समाचार: प्रेम कुमार गढवाल 9413376078 (Email: [email protected], व्हाट्सएप: 9829041455)
विज्ञापन: विजय गढवाल 6377364129
संपर्क कार्यालय: भीलवाड़ा हलचल, कलेक्ट्री रोड, नई शाम की सब्जी मंडी, भीलवाड़ा
फोन: 7737741455
