सूदखोरों से परेशान: व्यापारी भाइयों ने ट्रेन के सामने कूदकर दी जान, बोले- कर्ज चुकाने के बाद भी कर रहे परेशान,भीलवाड़ा में भी....!

अशोकनगर। मध्य प्रदेश के अशोकनगर जिले में गुरुवार को गरिमा पेट्रोल पंप के पीछे रेलवे ट्रैक पर दो सराफा व्यापारियों ने ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली। दोनों मृतक सगे भाई थे। पुलिस की प्रारंभिक जांच के अनुसार दोनों कर्ज के तले दबे थे। सूदखोरों के तकाजों से परेशान थे। उनकी सर्राफा बाजार में दुकान है।
बताया जा रहा है कि गुरुवार दोपहर में वे बाइक से बिना कुछ बताए घर से निकले थे। मृतकों की पहचान बोहरे कालोनी निवासी 40 वर्षीय नंदकिशोर सोनी उर्फ बंटी और 38 वर्षीय रामेश्वर के रूप में हुई है। पुलिस को मृतकों के पास से एक रफ कागज पर लिखा सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है।
पुलिस को मिला सुसाइट नोट
इसमें लिखा है कि मैं रामेश्वर सोनी, नंदकिशोर सोनी अपने पूरे होशोहवास में लिख रहा हूं कि हम दोनों ने जो कर्जा लिया था, वो हमने अपनी जमीन बेंचकर दे दिया। कुछ लोगों ने चेक वापस नहीं किए। बैंक में लगाने की धमकी देते हैं, लड़ाई करते हैं। हमारे दोनों भाइयों का हमसे कोई लेना-देना नहीं है। मकान और दोनों दुकानें महेश और विनोद सोनी की हैं। अब हमारे पास कुछ नहीं बचा है।
अब हम दोनों अपनी मर्जी से आत्महत्या कर रहे हैं, इसलिए प्रशासन से निवेदन है कि हमारे परिवार की रक्षा करें, हमने जो कर्जा लिया, सबका दे दिया। फिर भी परेशान करते हैं, इसलिए हम दोनों जा रहे हैं हमें माफ करना।
पुलिस ने कहा- आरोपियों के खिलाफ करेंगे कार्रवाई
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। आत्महत्या के लिए दोनों भाइयों को विवश करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
भीलवाड़ा में भी सूदखोरों के खिलाफ शिकायत, मची खलबली
मध्य प्रदेश की तर्ज पर भीलवाड़ा में भी सूदखोरो के खिलाफ पुलिस अधीक्षक को शिकायत की गई है।
पुलिस अधीक्षक को दिए गए शिकायती पत्र में शहर और आसपास के गांव के ब्याज माफियाओं 4 से 5 प्रतिशत ब्याज वसूलने और मूलधन से तिगुनी राशि वसूलने के बावजूद और बकाया निकालने को लेकर एक शिकायत की गई है। सुभाष नगर थाना पुलिस इस मामले में जांच पड़ताल कर रही है यह शिकायत शहर के एक व्यवसाई ने की हे। इसके बाद ब्याज माफिया में खलबली मची हुई है।