रोहित गोदारा और राहुल रिणाउ गिरोह पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, आठ गुर्गे गिरफ्तार

रोहित गोदारा और राहुल रिणाउ गिरोह पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, आठ गुर्गे गिरफ्तार
X


जयपुर। राजस्थान के सीकर जिले में पुलिस ने कुख्यात गैंगस्टर रोहित गोदारा और राहुल रिणाउ से जुड़े गिरोह पर बड़ी कार्रवाई करते हुए आठ बदमाशों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई रामगढ़ सेठान थाना क्षेत्र में की गई, जिससे इलाके में आपराधिक नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है।

जयपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक एच जी राघवेन्द्र सुहास ने रविवार को जानकारी देते हुए बताया कि सभी आठों आरोपियों को 11 दिसंबर को गिरफ्तार किया गया था। गिरफ्तार किए गए बदमाश रामगढ़ सेठान और उसके आसपास के क्षेत्रों के निवासी हैं और लंबे समय से गिरोह के लिए सक्रिय रूप से काम कर रहे थे।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मनोज चांदोलिया उम्र 38 वर्ष, मुकेश चांदोलिया उम्र 34 वर्ष, योगेश कुमार उम्र 40 वर्ष, महेन्द्र सिंह उम्र 24 वर्ष, रवि उर्फ आर के जाखड़ उम्र 28 वर्ष, हरिश छापोलिया उम्र 29 वर्ष, जसवंत उर्फ पिन्टू उम्र 31 वर्ष और रितिक जाड़ीवाल उम्र 28 वर्ष के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार यह सभी आरोपी रोहित गोदारा और राहुल रिणाउ गिरोह के लिए अलग अलग भूमिकाओं में काम कर रहे थे और क्षेत्र में अपराध को बढ़ावा देने में शामिल थे। फिलहाल सभी आरोपी पुलिस अभिरक्षा में हैं और उनसे गहन पूछताछ की जा रही है। जांच के दौरान गिरोह से जुड़े अन्य लोगों और आपराधिक गतिविधियों के खुलासे की भी संभावना जताई जा रही है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि संगठित अपराध के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और ऐसे गिरोहों से जुड़े किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

Next Story