केकड़ी में प्रिंटिंग प्रेस मालिक पर फायरिंग, रुपयों के विवाद में गंभीर घायल

अजमेर जिले के केकड़ी कस्बे में बुधवार शाम रुपयों के लेनदेन को लेकर चल रहे विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। अजमेरी गेट क्षेत्र स्थित अम्बिका प्रिंटर्स के मालिक महेंद्र साहू पर गोली चलाकर हमला किया गया, जिसमें वे गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार केकड़ी निवासी अजय साहू का महेंद्र साहू से लंबे समय से पैसों को लेकर विवाद चल रहा था। शाम करीब चार बजे अजय साहू अपने कुछ साथियों के साथ महेंद्र की दुकान पर पहुंचा। वहां दोनों के बीच कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते हिंसा में बदल गई।
आरोप है कि अजय साहू ने महेंद्र साहू पर दो राउंड फायर किए। एक गोली उनके पेट में और दूसरी हाथ में लगी, जिससे वे लहूलुहान होकर मौके पर गिर पड़े। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत उन्हें अस्पताल पहुंचाया, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मुख्य आरोपी अजय साहू को वहीं से हिरासत में ले लिया। पुलिस ने उसके दो अन्य साथियों को भी डिटेन किया है। वारदात में इस्तेमाल की गई गाड़ी को जब्त कर लिया गया है।
पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि विवाद की असल वजह क्या थी और घटना में शामिल अन्य लोगों की भूमिका कितनी रही।
