प्रेम संबंध की रंजिश में ट्रैक्टर से कुचला, एक्सीडेंट दिखाने की साजिश नाकाम, मुख्य आरोपी गिरफ्तार

टिब्बी (हनुमानगढ़)। जिले के टिब्बी थाना क्षेत्र में प्रेम संबंधों के चलते एक व्यक्ति की बेरहमी से हत्या करने का मामला सामने आया है। आरोपियों ने हत्या को सड़क दुर्घटना का रूप देने की पूरी कोशिश की, लेकिन पुलिस की सतर्कता से साजिश का पर्दाफाश हो गया। पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि चार अन्य की तलाश जारी है।
अफेयर की रंजिश और खूनी साजिश
मामला टिब्बी के चक 5-जीजीआर गांव का है। मृतक शीशपालसिंह राजपूत उर्फ राजू (42) और मुख्य आरोपी जसपालसिंह के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। दरअसल, जसपालसिंह की पत्नी पिछले पांच-छह महीनों से कथित रूप से शीशपालसिंह के साथ रह रही थी। इस बात को लेकर दोनों पक्षों में गहरी रंजिश थी। रंजिश उस समय और बढ़ गई जब शीशपालसिंह जानबूझकर आरोपियों के घर के सामने से गुजरने लगा।
रास्ते में रोका, फिर ट्रैक्टर के नीचे कुचला
रविवार दोपहर जब शीशपालसिंह मोटरसाइकिल से वापस लौट रहा था, तभी चक 5-जीजीआर के पास आरोपियों ने घात लगाकर उसे रोक लिया। आरोपियों ने पहले उसे लाठियों और लोहे की रॉड से लहूलुहान किया और फिर क्रूरता की हदें पार करते हुए उसे ट्रैक्टर के टायर के नीचे कुचल दिया। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने जब शीशपालसिंह को ट्रैक्टर के नीचे से निकाला, तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
एक्सीडेंट का नाटक नहीं आया काम
आरोपियों ने पुलिस को गुमराह करने के लिए घटना को ट्रैक्टर और मोटरसाइकिल की टक्कर बताने की कोशिश की। हालांकि, टिब्बी थाना प्रभारी हंसराज लूना के नेतृत्व में पुलिस ने जब मौके और शव का निरीक्षण किया, तो चोटों के निशान और सबूतों ने हत्या की कहानी बयां कर दी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्या का मुकदमा दर्ज किया।
एक गिरफ्तार, चार फरार
मृतक के भाई विनोद सिंह की रिपोर्ट पर पुलिस ने जसपालसिंह, रतनसिंह, लखबीरसिंह, मौजसिंह और वीरसिंह के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस ने मुख्य आरोपी जसपालसिंह उर्फ पालासिंह को गिरफ्तार कर लिया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस अब शेष चार नामजद आरोपियों की तलाश में छापेमारी कर रही है।
भीलवाड़ा हलचल न्यूज पोर्टल पर अपनी खबर देने के लिए संपर्क करें:
समाचार: प्रेम कुमार गढवाल 9413376078 (Email: [email protected], व्हाट्सएप: 9829041455)
विज्ञापन: विजय गढवाल 6377364129
संपर्क कार्यालय: भीलवाड़ा हलचल, कलेक्ट्री रोड, नई शाम की सब्जी मंडी, भीलवाड़ा
फोन: 7737741455
