श्रीगंगानगर: प्रेम प्रसंग की रंजिश बनी खूनी जंग, 20 हमलावरों ने घर में घुसकर मचाया तांडव


अनूपगढ़ (हलचल)। जिले के अनूपगढ़ थाना क्षेत्र के चक 92 जीबी गांव में प्रेम प्रसंग और लिव-इन रिलेशनशिप से उपजी रंजिश ने बीती रात भीषण हिंसा का रूप ले लिया। करीब 15-20 नकाबपोश हमलावरों ने एक युवक के घर पर धावा बोलकर न केवल जानलेवा हमला किया, बल्कि लूटपाट, तोड़फोड़ और आगजनी की कोशिश कर पूरे इलाके में दहशत फैला दी।

लिव-इन से अलगाव बना विवाद की जड़

मिली जानकारी के अनुसार, पीड़ित युवक सुखविंदर सिंह का स्थानीय युवती के साथ प्रेम प्रसंग था। दोनों लगभग 10 महीने तक युवती के घर पर लिव-इन रिलेशनशिप में रहे। हालांकि, तीन महीने पहले उनके बीच अनबन हुई और सुखविंदर अपने घर लौट आया। इस अलगाव को युवती के परिजनों ने प्रतिष्ठा का प्रश्न बना लिया और तब से ही दोनों परिवारों के बीच ठनी हुई थी।

रात के अंधेरे में हथियारों के साथ हमला

सुखविंदर के भाई निशांत सिंह ने थाने में दर्ज रिपोर्ट में बताया कि हमलावरों ने पहले सुखविंदर का रास्ता रोका और फिर रात करीब 10:15 बजे लाठियां, सरिए और डंडे लेकर घर में घुस आए। आरोपियों ने सुखविंदर को बेरहमी से पीटा, जिससे उसके सिर और शरीर पर गंभीर चोटें आईं। बीच-बचाव करने आए परिजनों के साथ भी मारपीट की गई।

लूटपाट और डीजल छिड़ककर आग लगाने का प्रयास

दहशत का आलम यह था कि हमलावरों ने घर में रखी 50 हजार की नकदी लूट ली और महिलाओं के कान की सोने की बालियां तक नोच लीं। उपद्रवियों ने घर के बाहर खड़े ट्रैक्टर, ट्रक, एसी और मोटरसाइकिल को बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया। हद तो तब हो गई जब आरोपियों ने 230 लीटर डीजल जमीन पर बहा दिया और परिवार के कपड़ों पर छिड़ककर उन्हें जिंदा जलाने की कोशिश की। पीड़ित परिवार ने बमुश्किल छत पर चढ़कर अपनी जान बचाई।

पुलिस जांच शुरू, घायल श्रीगंगानगर रेफर

सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, लेकिन हमलावर फरार होने में कामयाब रहे। गंभीर रूप से घायल सुखविंदर को प्राथमिक उपचार के बाद श्रीगंगानगर के हायर सेंटर रेफर किया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश तेज कर दी है, हालांकि अब तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।

भीलवाड़ा हलचल न्यूज पोर्टल पर अपनी खबर देने के लिए संपर्क करें:

समाचार: प्रेम कुमार गढवाल 9413376078 (Email: [email protected], व्हाट्सएप: 9829041455)

विज्ञापन: विजय गढवाल 6377364129

संपर्क कार्यालय: भीलवाड़ा हलचल, कलेक्ट्री रोड, नई शाम की सब्जी मंडी, भीलवाड़ा

फोन: 7737741455


Next Story