दोस्त की हत्या कर 2.5 लाख लूटे: पूर्व पत्नी को टीवी गिफ्ट किया और दिए 60 हजार रुपए

दोस्त की हत्या कर 2.5 लाख लूटे: पूर्व पत्नी को टीवी गिफ्ट किया और दिए 60 हजार रुपए
X


​नई दिल्ली। कर्नाटक के चिक्कमगलुरु जिले से दोस्ती को शर्मसार करने वाला एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहाँ एक शख्स ने अपने ही करीबी दोस्त की बेरहमी से हत्या कर दी और उसके पास मौजूद 2.5 लाख रुपए लूट लिए। हैरान करने वाली बात यह है कि आरोपी ने इन चोरी के पैसों से अपनी पूर्व पत्नी को महंगे तोहफे दिए।

​नीलामी के बहाने बुलाकर जंगल में की हत्या

​पुलिस जांच के अनुसार, बिरुर निवासी आरोपी शफी ने अपने दोस्त पुट्टाराजू को 19 फरवरी को एक फाइनेंस कंपनी की सोने की नीलामी में शामिल होने के बहाने बुलाया था। शफी पर भरोसा करते हुए पुट्टाराजू सुबह करीब 11 बजे अपने घर से 2.5 लाख रुपए नकद लेकर निकला। शफी उसे अपनी बाइक पर बैठाकर होन्नावल्ली के पास एक सुनसान जंगल में ले गया, जहाँ उसने चाकू से वार कर पुट्टाराजू को मौत के घाट उतार दिया और कैश लेकर फरार हो गया।

​दूध वाले ने दी पुलिस को सूचना

​अगली सुबह जंगल के रास्ते से गुजर रहे एक दूध वाले ने पुट्टाराजू का शव देखा और तुरंत पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जब तफ्तीश शुरू की, तो कड़ियाँ शफी से जाकर जुड़ीं।

​लूट के पैसों से पूर्व पत्नी पर लुटाया प्यार

​पुलिस ने खुलासा किया कि हत्या और लूट को अंजाम देने के बाद आरोपी शफी सीधे अरासिकेरे स्थित एक लॉज में अपनी पूर्व पत्नी से मिलने पहुँचा। वहाँ उसने उसे 60,000 रुपए नकद दिए और उसके लिए एक नया टेलीविजन भी खरीदा। फिलहाल पुलिस ने आरोपी शफी को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।

Next Story