कोटा के बाल सुधार गृह से भागे बदमाशों का बारां में आतंक, सुपारी किलिंग से पहले अवैध हथियारों के साथ दबोचे


​बारां। शहर कोतवाली पुलिस ने 'ऑपरेशन शस्त्र प्रहार' के तहत एक बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए दो शातिर बदमाशों को अवैध देशी पिस्टल, कट्टा और कारतूसों के साथ गिरफ्तार किया है। पकड़े गए बदमाश किसी बड़ी वारदात (सुपारी किलिंग) को अंजाम देने की फिराक में थे, लेकिन पुलिस की तत्परता ने उनके मंसूबों पर पानी फेर दिया।

​न्यू मोटर मार्केट के पास धरे गए संदिग्ध

पुलिस अधीक्षक अभिषेक अंदासु ने बताया कि थानाधिकारी योगेश चौहान की टीम गश्त पर थी, तभी शाहबाद रोड स्थित न्यू मोटर मार्केट की बंद दुकानों के पास दो संदिग्ध युवक नजर आए। पुलिस ने जब उन्हें घेराबंदी कर दबोचा और तलाशी ली, तो उनके कब्जे से 1 देशी पिस्टल, 1 देशी कट्टा और कुल 5 जिंदा कारतूस बरामद हुए। गिरफ्तार आरोपी की पहचान वीरेंद्र सिंह रघुवंशी उर्फ बाबू बंडल (निवासी कोटा) के रूप में हुई है, जबकि उसका दूसरा साथी एक विधि संघर्षरत बालक (नाबालिग) है।

​कोटा बाल सुधार गृह से फरार हुए थे आरोपी

पुलिस जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि ये दोनों आरोपी कोटा के राजकीय संप्रेषण एवं किशोर गृह से अपने 7 अन्य साथियों के साथ फरार हुए थे। इन पर लूट, हत्या का प्रयास और पोक्सो एक्ट जैसे गंभीर करीब 10-10 मामले पहले से दर्ज हैं। जेल से भागने के बाद इन्होंने कोटा के अनंतपुरा और बोरखेड़ा इलाके में भी लूट की वारदातों को अंजाम दिया था, जिसकी तलाश कोटा पुलिस को भी थी।

​बारां में फायरिंग की थी बड़ी योजना

सूत्रों के अनुसार, ये बदमाश बारां में किसी व्यक्ति की सुपारी लेकर उस पर फायरिंग करने आए थे। पुलिस अब इस बात की गहनता से जांच कर रही है कि इन्हें सुपारी किसने दी और ये अवैध हथियार कहां से लेकर आए थे। फिलहाल, आरोपियों को न्यायालय और किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश कर जेल व संप्रेषण गृह भिजवा दिया गया है।

Next Story