प्रॉपर्टी विवाद में वकील की हत्या, सिर के बल गिरने से हुई मौत

अजमेर के आदर्श नगर थाना इलाके में सोमवार सुबह करीब 7 बजे संपत्ति विवाद ने खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। विवाद के दौरान एक वकील की हत्या कर दी गई। घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।
भाई, भाभी और बच्चों पर लगा आरोप
मृतक वकील बलवीर सिंह रावत (43) के छोटे भाई पुष्पेंद्र सिंह रावत ने गंभीर आरोप लगाए हैं। पुष्पेंद्र के अनुसार, मारपीट के दौरान आरोपियों ने बलवीर को जोर से धक्का दिया, जिससे वे सिर के बल जमीन पर गिर गए। सिर में गंभीर चोट आने के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई। पुष्पेंद्र ने अपने बड़े भाई भगवान सिंह रावत, भाभी और उनके बच्चों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है।
सीसीटीवी में कैद हुई वारदात
पुलिस को इस पूरी घटना का सीसीटीवी फुटेज भी मिला है, जिसकी गहनता से जांच की जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही आदर्श नगर थाना प्रभारी छोटू लाल और अलवर गेट थाना प्रभारी नरेंद्र सिंह भारी पुलिस जाब्ते के साथ जेएलएन अस्पताल पहुंचे।
जांच में जुटी पुलिस
फिलहाल, बलवीर सिंह का शव जेएलएन अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया गया है। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है और पारिवारिक संपत्ति के विवाद के सभी पहलुओं को खंगाल रही है।
