वरमाला के दौरान प्रेमी ने दुल्हन को मारी गोली, खुशियां मातम में बदलीं

वरमाला के दौरान प्रेमी ने दुल्हन को मारी गोली, खुशियां मातम में बदलीं
X


चौसा (बक्सर)। बिहार के बक्सर जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र में मंगलवार रात एक सनसनीखेज वारदात ने शादी के जश्न को खूनी खेल में बदल दिया। नगर चौसा पंचायत के मल्लाह टोला में वरमाला की रस्म के दौरान एक सिरफिरे प्रेमी ने स्टेज पर चढ़कर दुल्हन को गोली मार दी। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। गंभीर रूप से घायल दुल्हन आरती (18) को प्राथमिक उपचार के बाद वाराणसी रेफर किया गया है, जहां उसका ऑपरेशन जारी है।

वरमाला के वक्त सन्नाटा चीर गई गोली

यूपी के बलिया जिले से आई बारात का स्वागत बड़े उत्साह के साथ किया गया था। जयमाला के लिए सजे स्टेज पर जैसे ही दूल्हा-दुल्हन पहुंचे, हंसी-मजाक के बीच अचानक चेहरे पर नकाब बांधे एक युवक भीड़ से निकलकर सामने आया। इससे पहले कि कोई कुछ समझ पाता, उसने आरती के पेट में गोली उतार दी। तेज संगीत के कारण पहले तो किसी को कुछ समझ नहीं आया, लेकिन जब आरती लहूलुहान होकर गिरी, तो वहां चीख-पुकार मच गई।

घायल दुल्हन ने लिया पड़ोसी युवक का नाम

अस्पताल ले जाते समय घायल आरती ने आरोपी की पहचान अपने पड़ोसी 'दीनबंधु' के रूप में की है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी के पिता रमाशंकर चौधरी को हिरासत में लिया है। आरोपी के पिता का कहना है कि उन्हें इस एकतरफा प्रेम प्रसंग की जानकारी नहीं थी, अन्यथा वे सामाजिक स्तर पर बात कर सुलह कर लेते।

बिना दुल्हन के लौटी बारात

इस खौफनाक वारदात के बाद शादी का मंडप सूना हो गया। घटना से घबराए दूल्हे और उसके परिजनों ने शादी से इनकार कर दिया और बारात बिना दुल्हन के वापस लौट गई। दुल्हन के पिता के अनुसार, आरोपी युवक उनकी बेटी से एकतरफा प्यार करता था और इसी सनक में उसने इस वारदात को अंजाम दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है और फरार आरोपी की तलाश में छापेमारी जारी है।

भीलवाड़ा हलचल न्यूज पोर्टल पर अपनी खबर देने के लिए संपर्क करें:

समाचार: प्रेम कुमार गढवाल 9413376078 (Email: [email protected], व्हाट्सएप: 9829041455)

विज्ञापन: विजय गढवाल 6377364129

संपर्क कार्यालय: भीलवाड़ा हलचल, कलेक्ट्री रोड, नई शाम की सब्जी मंडी, भीलवाड़ा फोन: 7737741455.

Next Story