हाथ में तमंचा, चेहरे पर गमछा...: ब्यूटी पार्लर में दुल्हन की हत्या

ब्यूटी पार्लर में दुल्हन की हत्या
X

नई जिंदगी शुरू करने जा रही काजल ने सपने में भी नहीं सोचा था कि पड़ोस में रहने वाले जिस लड़के से वह कभी एक-दो घड़ी बात कर लेती थी, वही उसकी जिंदगी के सबसे खुशनुमा दिन में मौत का परवाना लेकर आएगा। हत्यारे दीपक के सिर पर खून इस कदर सवार था कि वह किसी की बात सुनने तक को राजी नहीं था।

गेस्ट हाउस में मौजूद लोगों का कहना था आरोपी दीपक अपने दो दोस्तों के साथ शाम करीब पांच बजे गेस्ट हाउस के पास दिखा था। कुछ देर वह गेस्ट हाउस के बाहर खड़ा रहा, इसके बाद वहां से चला गया। काजल के ब्यूटी पार्लर जाने की बात मालूम चलने पर रात करीब नौ बजे वह सीधे ब्यूटी पार्लर जा पहुंचा।बाहर गेट पर खड़े होकर उसने काजल का नाम लेकर पुकारा। वहां उसे देखकर काजल डर गई। काजल ने बाहर आने से मना कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि उस समय दीपक के सिर पर खून सवार था।आर्यन ब्यूटी पॉर्लर संचालिका ने दीपक को अंदर आने से रोकने के लिए तुरंत दरवाजा बंद कर लिया और पति को बुलाने चली गईं। तब तक गुस्से में पागल हो चुके दीपक ने ब्यूटी पार्लर के दरवाजे का कांच तमंचे की बट मारकर तोड़ दिया और भीतर जा घुसा। अंदर आकर काजल से अपने साथ चलने की जिद करने लगा।काजल उसके साथ जाने को राजी नहीं थी। काजल अंदर की ओर भागी, तभी आरोपी दीपक ने तमंचे से गोली चला दी। एक गोली ब्यूटी पार्लर के शीशे में लगी, जिससे वह चकनाचूर हो गया, जबकि दूसरी गोली सीधे काजल के सीने में जा धंसी। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास सनसनी फैल गई। घटना को अंजाम देने के तुरंत बाद दीपक अपने एक दोस्त के साथ भाग निकला।गोली चलने की बात सुनकर गेस्ट हाउस से भागते हुए काजल के परिजन ब्यूटी पार्लर पहुंच गए। यहां खून से लथपथ हाल में काजल फर्श पर पड़ी थी। चारों ओर खून बिखरा हुआ था। परिजन उसे लेकर पहले जर्मनी अस्पताल पहुंचे। हालत नाजुक होने पर वहां से उसे मेडिकल कॉलेज भेज दिया गया। वहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।

महज पांच मिनट में हत्या करके निकल भागा

हत्यारोपी दीपक ने काजल की हत्या का पूरा प्लान तैयार कर रखा था। ब्यूटी पार्लर के पास लगे सीसीटीवी कैमरे में दीपक रात करीब 9:41 बजे आता दिखाई दिया। कुछ देर वह काजल से बात करता रहा। उसके बाद काजल अंदर जाने को हुई तो रात 9:46 बजे उसने काजल पर गोली चला दी। गोली लगते ही खून से लथपथ होकर काजल जमीन पर गिर पड़ी। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग भी बाहर निकल आए।

Tags

Next Story