सरकारी स्कूल के पेड़ पर फंदे से लटका मिला शिक्षक का शव, सुसाइड नोट बरामद

जोधपुर/कापरड़ा। जोधपुर जिला मुख्यालय से करीब 54 किमी दूर कापरड़ा थाना क्षेत्र के कुड़ गांव स्थित सरकारी स्कूल में बुधवार सुबह एक शिक्षक द्वारा सुसाइड करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। शिक्षक का शव स्कूल परिसर में ही एक पेड़ पर फंदे से लटका मिला। सूचना मिलते ही पुलिस और शिक्षा विभाग के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल से एक सुसाइड नोट भी बरामद किया है।
करौली के रहने वाले थे शिक्षक मुंशी सिंह
कापरड़ा थानाधिकारी सुनीता डूडी ने बताया कि मृतक की पहचान 52 वर्षीय मुंशी सिंह के रूप में हुई है, जो मूल रूप से करौली जिले के हिंडौन सिटी के रहने वाले थे और कुड़ गांव के इसी सरकारी स्कूल में तैनात थे। बुधवार सुबह करीब 8 बजे ग्रामीणों ने स्कूल में पेड़ से लटका शव देखा, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। एएसआई मनोहर सिंह की टीम ने शव को फंदे से नीचे उतरवाकर पीपाड़ सिटी के सरकारी अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया है।
सुसाइड नोट की जांच में जुटी पुलिस
पुलिस के अनुसार, मौके से बरामद सुसाइड नोट की गहनता से जांच की जा रही है, हालांकि अभी तक आत्महत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है। शिक्षक का परिवार करौली में रहता है, जिन्हें घटना की जानकारी दे दी गई है। परिजनों के पीपाड़ पहुंचने के बाद ही शव का पोस्टमॉर्टम करवाया जाएगा। पुलिस मामले के हर पहलू की तफ्तीश कर रही है ताकि मौत की गुत्थी सुलझ सके।
भीलवाड़ा हलचल न्यूज पोर्टल पर अपनी खबर देने के लिए संपर्क करें:
समाचार: प्रेम कुमार गढवाल 9413376078
(Email: [email protected], व्हाट्सएप: 9829041455)
विज्ञापन: विजय गढवाल 6377364129
संपर्क कार्यालय: भीलवाड़ा हलचल, कलेक्ट्री रोड, नई शाम की सब्जी मंडी, भीलवाड़ा
फोन: 7737741455
