मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का लाडनूं दौरा, जैन विश्व भारती में लिया आचार्य महाश्रमण का आशीर्वाद

डीडवाना। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा मंगलवार को लाडनूं पहुंचे, जहां उन्होंने जैन विश्व भारती परिसर में जैन धर्म के 11वें आचार्य महाश्रमण से भेंट कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने जैन विश्व भारती में नवनिर्मित सुधर्मा सभा प्रवचन हॉल का लोकार्पण भी किया। कार्यक्रम के दौरान जैन समाज के संत, पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
आचार्य महाश्रमण से आशीर्वाद लेने के बाद मुख्यमंत्री ने जैन विश्व भारती परिसर में आयोजित ग्राम उत्थान शिविर का अवलोकन किया। शिविर में ग्रामीण विकास, सामाजिक जागरूकता और आत्मनिर्भरता से जुड़े विभिन्न कार्यक्रमों की जानकारी ली गई। इसके पश्चात मुख्यमंत्री ने आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों की जानकारी दी।
अपने दौरे के दौरान मुख्यमंत्री ने जिले में प्रस्तावित एवं पूर्ण हो चुके विभिन्न विकास कार्यों का शिलान्यास और लोकार्पण भी किया। इसके बाद उन्होंने लाडनूं ब्लॉक के पदाधिकारियों के साथ संवाद कर क्षेत्र की समस्याओं और विकास से जुड़े सुझावों पर चर्चा की।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा दोपहर 1.35 बजे लाडनूं स्थित हैलीपेड से जयपुर के लिए रवाना होंगे।
