मुख्यमंत्री ने ब्रह्मपुत्र नदी राफ्टिंग अभियान को दिखाई हरी झंडी, साहसिक पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा

अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पेमा खांडू ने शनिवार को ब्रह्मपुत्र नदी पर राफ्टिंग करने के लिए एक ऐतिहासिक अभियान को हरी झंडी दिखाई। यह अभियान 14 जनवरी को अरुणाचल प्रदेश के गेलिंग से शुरू होगा और 14 फरवरी को असम के धुबरी-हातसिंगीमारी में समाप्त होगा। इस आयोजन राष्ट्रीय पर्वतारोहण और साहसिक खेल संस्थान (एनआईएमएएस) की ओर से किया जा रहा है
गुवाहाटी में रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता लेफ्टिनेंट कर्नल महेंद्र रावत ने बताया कि यह अपनी तरह की पहली यात्रा है, जो ब्रह्मपुत्र नदी के 916 किलोमीटर की यात्रा करेगी। यह इसके सौंदर्य और चुनौतीपूर्ण रैपिड्स को प्रदर्शित करेगी। इस अभियान का उद्देश्य साहसिक पर्यटन को बढ़ावा देना, पर्यावरणीय जागरूकता को प्रोत्साहित करना और युवाओं को साहसिक खेलों में भाग लेने के लिए प्रेरित करना है।
ईटानगर में मुख्यमंत्री निवास पर आयोजित कार्यक्रम में एनआईएमएएस के निदेशक कर्नल रणवीर सिंह जमवाल ने मुख्यमंत्री पेमा खांडू को इस अभियान के उद्देश्यों, चुनौतियों और अपेक्षित परिणामों के बारे में जानकारी दी। जमवाल एनआईएमएएस के उपाध्यक्ष भी हैं। मुख्यमंत्री ने पूरी टीम से बातचीत की, उन्हें शुभकामनाएं दीं और चुनौतीपूर्ण अभियान की सफलता के प्रति विश्वास व्यक्त किया। उन्होंने यह भी कहा कि वे टीम के वापस लौटने पर उनका स्वागत करने के लिए उत्सुक हैं।
यह ऐतिहासिक अभियान न केवल मानव आत्मा की अविजित शक्ति का प्रमाण होगा, बल्कि यह भारत में रिवर राफ्टिंग को एक साहसिक खेल के रूप में आगे बढ़ाने में भी महत्वपूर्ण योगदान देगा।