मुंबई हमले का मोस्ट वांटेड: पाकिस्तान में लश्कर के आतंकी हमजा पर जानलेवा हमला; गंभीर रूप से घायल

पाकिस्तान में लश्कर के आतंकी हमजा पर जानलेवा हमला; गंभीर रूप से घायल
X

पाकिस्तान में एक और आतंकवादी पर जानलेवा हमला हुआ है। हाफिज सईद के साथ मिलकर आतंकवादी संगठन लश्कर-ए-ताइबा की स्थापना करने वाले हमजा पर लाहौर में कुछ अज्ञात लोगों ने फायरिंग की। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उसकी हालत बेहद ही गंभीर बताई गई है। दो दिन पहले ही हाफिज के ही करीबी अबु सैफुल्ला खालिद की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। हालांकि, आधिकारिक स्रोत से हमजा पर हमले की पुष्टि नहीं हुई है।

जानकारी के अनुसार, मंगलवार की शाम कुछ लोग हमजा को लाहौर के अस्पताल में लेकर पहुंचे। उसके शरीर पर चोट के कई निशान पाए गए। उसके नाक, सिर और शरीर के कई अन्य जगहों से खून बह रहा था। बताया जा रहा है कि उसकी गंभीर हालात को देखते हुए उसे सेना के बेस अस्पताल भेज दिया गया है। सोशल मीडिया पर दावा किया जा रहा है कि हमजा पर हमला किया गया है। हालांकि, यह भी दावा किया जा रहा है कि वह अपने घर में किसी दुर्घटना का शिकार हो गया और उसमें चोटें लग गईं।



घोषित आतंकी हाफिज सईद का करीबी नवंबर 2008 में मुंबई में हुए आतंकी हमले का मोस्ट वांटेड अपराधी है। अमेरिका ने उसे 2012 में अंतरराष्ट्रीय आतंकवादी घोषित किया था। वह पाकिस्तान के पंजाब प्रांत के गुजरांवाला का रहने वाला है। बताया जाता है कि हाफिज सईद कोई भी काम हमजा से पूछे बिना नहीं करता था। हमजा लश्कर के मुखौटा संगठन जमात-उत-दावा का भी प्रमुख था, जो मुख्य तौर पर लश्कर के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर फंडिंग उगाने का काम करता है। वह आतंक के रास्ते पर चलने के लिए युवाओं का ब्रेन-वॉश भी करता है।

Next Story