शादी से किया इंकार , खफा हुआ प्रेमी: गोली मार कर प्रेमिका के पिता की कर दी हत्या

सतना । जिले के मैहर तहसील अंतर्गत रामनगर थाना क्षेत्र के रामचुआ गांव में रविवार की रात प्रेम प्रसंग के चलते एक सिरफिरे युवक ने प्रेमिका के पिता की गोली मारकर हत्या कर दी।इसके बाद वो फरार हो गया।
घटना उस समय हुई, जब मृतक महेन्द्र सिंह (50) खाना खाने के बाद रोज की तरह घर के बाहर टहल रहे थे। इस दौरान बाइक पर सवार दो युवकों ने अचानक फायरिंग कर दी, जिससे महेन्द्र सिंह की मौके पर ही मौत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार रात करीब आठ से नौ बजे के बीच महेन्द्र सिंह घर के बाहर टहल रहे थे। इस दौरान बाइक पर आए दो युवक रुके। इनमें से एक ने देशी कट्टे से महेन्द्र सिंह के सीने में गोली दाग दी। गोली लगते ही वह जमीन पर गिर पड़े। गोली की आवाज सुनकर स्वजन और ग्रामीण बाहर आए, तब तक आरोपी अपने साथी के साथ फरार हो चुका था।
पुलिस जांच में सामने आया है कि हत्या प्रेम प्रसंग के चलते की गई है। रामनगर थाना प्रभारी टीकाराम कुर्मी ने बताया कि आरोपी की पहचान ध्रुव कुमार के रूप में हुई है, जो उत्तर प्रदेश के झांसी का रहने वाला है।
मृतक महेन्द्र सिंह की बेटी रीवा में पढ़ाई कर रही थी। इस दौरान उसकी ध्रुव से मुलाकात हुई थी। दोनों के बीच में शुरू हुई बातचीत प्रेम संबंधों तक पहुंच गई।
यह भी पढ़ें
MP News: प्रेमिकाओं से मिलने पहुंचे दो आशिक, गांव वालों ने पकड़कर करा दी शादीMP News: प्रेमिकाओं से मिलने पहुंचे दो आशिक, गांव वालों ने पकड़कर करा दी शादी
शादी से इनकार बना हत्या की वजह
बताया जा रहा है कि ध्रुव कुमार, महेन्द्र सिंह की बेटी से शादी करना चाहता था। इसके लिए वह कई बार रामचुआ गांव भी आया। युवती पर दबाव डालने लगा। महेन्द्र सिंह को ध्रुव पसंद नहीं था। उन्होंने न सिर्फ शादी से इनकार किया, बल्कि हाल ही में ध्रुव को गांव से भगाकर उसकी पिटाई भी की थी। इसी रंजिश में ध्रुव ने साथी के साथ मिलकर महेन्द्र सिंह की हत्या कर दी।