दिल्ली आश्रम में महिलाओं से यौन शोषण का आरोपी ‘धर्मगुरु’ आगरा से गिरफ्तार

आगरा।
दिल्ली के वसंत कुंज स्थित एक आश्रम में 17 महिलाओं का यौन उत्पीड़न करने के आरोपी स्वयंभू धर्मगुरु स्वामी चैतन्यानंद सरस्वती उर्फ पार्थ सारथी को पुलिस ने 50 दिन की फरारी के बाद आगरा से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार आरोपी को रविवार देर रात करीब 3:30 बजे ताजगंज क्षेत्र स्थित होटल फर्स्ट से दबोचा गया। गिरफ्तारी के समय वह फर्जी पहचान छुपाकर रह रहा था।
महिलाओं ने लगाए गंभीर आरोप
आरोपी पर महिलाओं से अश्लील बातें करने, अभद्र भाषा का इस्तेमाल करने, आपत्तिजनक संदेश भेजने और जबरन शारीरिक संपर्क बनाने जैसे गंभीर आरोप हैं। शिकायतकर्ताओं में कई विवाहित और अविवाहित महिलाएं शामिल हैं, जो आश्रम से जुड़ी हुई थीं।
प्रबंधन संस्थान के नाम पर धोखाधड़ी
पुलिस जांच में सामने आया कि स्वामी चैतन्यानंद सरस्वती खुद को श्री शारदा इंस्टीट्यूट ऑफ इंडियन मैनेजमेंट (Sharada Institute of Indian Management) का निदेशक बताता था। इसी बहाने वह महिलाओं से संपर्क साधकर अपने जाल में फंसाता था।
4 अगस्त से फरार था आरोपी
आरोपी 4 अगस्त को फरार हो गया था। वायुसेना मुख्यालय से एक महिला अधिकारी की शिकायत मिलने के बाद दिल्ली पुलिस ने तुरंत उसके खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की। आरोपी की तलाश में कई राज्यों की पुलिस टीमें जुटी थीं। आखिरकार, 50 दिन की फरारी के बाद उसे आगरा से गिरफ्तार किया गया।
