ममलेश्वर लोक प्रोजेक्ट निरस्त: जनता के विरोध के आगे झुका प्रशासन, प्रस्तावित स्थान पर होगा पुनर्विचार

ममलेश्वर लोक प्रोजेक्ट निरस्त: जनता के विरोध के आगे झुका प्रशासन, प्रस्तावित स्थान पर होगा पुनर्विचार
X

ओंकारेश्वर। ब्रह्मपुरी क्षेत्र में प्रस्तावित ममलेश्वर महलोक प्रोजेक्ट को लेकर लंबे समय से चल रहे विरोध और लगातार तीन दिन तक ओंकारेश्वर बंद के दबाव के बाद आखिरकार प्रशासन को झुकना पड़ा।

स्थानीय लोगों ने प्रोजेक्ट के लिए चुनी गई जगह को गलत बताते हुए बड़े स्तर पर आंदोलन शुरू किया था। तीन दिनों तक दुकानों, बाजार, ऑटो-टेम्पो और नाव संचालन बंद रहने से श्रद्धालुओं और आम लोगों को भारी परेशानी उठानी पड़ी।

मंगलवार को जिला प्रशासन के अधिकारी आंदोलनकारियों से चर्चा करने ओंकारेश्वर पहुंचे। अपर कलेक्टर काशीराम बड़ोले ने प्रदर्शनकारियों को भरोसा दिलाया कि ममलेश्वर लोक के लिए तय की गई ब्रह्मपुरी की जमीन पर पुनर्विचार किया जाएगा।

हालांकि प्रभावित लोगों ने लिखित आश्वासन की मांग पर जोर दिया। इसके बाद प्रशासन ने स्पष्ट किया कि प्रोजेक्ट के लिए ब्रह्मपुरी की जगह अब किसी अन्य स्थान पर जनता से चर्चा कर तय की जाएगी।

इस निर्णय के बाद स्थानीय लोगों में राहत और खुशी का माहौल है।

वहीं, तीन दिन बंद रहने के बाद बुधवार से ओंकारेश्वर में सभी दुकानें, बाजार, ऑटो-टेम्पो और नावों का संचालन पुनः सुचारू रूप से शुरू हो जाएगा।

Next Story