उत्तरी भारत कड़ाके की ठंड की चपेट में ,राजस्थान, दिल्ली, सहित कई राज्य ठिठुरे

उत्तरी भारत  कड़ाके की ठंड की चपेट में ,राजस्थान, दिल्ली, सहित कई राज्य ठिठुरे
X


नई दिल्ली। उत्तरी भारत इस समय कड़ाके की ठंड की चपेट में है। राजस्थान, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, मध्य प्रदेश और बिहार में तापमान लगातार नीचे जा रहा है। मौसम विभाग (IMD) का अनुमान है कि गुरुवार को ठंड और बढ़ेगी तथा सुबह–शाम हल्का कोहरा भी देखने को मिल सकता है।

राजधानी दिल्ली में ठंड के साथ बढ़ता प्रदूषण भी लोगों की परेशानी बढ़ा रहा है। बुधवार सुबह दिल्ली का न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से नीचे है।

पंजाब–हरियाणा में पारा तेजी से गिरा, रोहतांग मार्ग बंद

गुरुवार को नोएडा, गाजियाबाद, गुड़गांव, फरीदाबाद और ग्रेटर नोएडा सहित एनसीआर में भी शाम और रात का मौसम काफी सर्द रहने वाला है।

पहाड़ी राज्यों में जारी बर्फबारी का असर मैदानी इलाकों में साफ दिख रहा है। पंजाब और हरियाणा में तापमान तेज़ी से नीचे आया है, जबकि भारी बर्फबारी के चलते रोहतांग का रास्ता भी बंद करना पड़ा है।

मौसम विभाग ने अनुमान लगाया है कि दिन का अधिकतम तापमान 24 से 26 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा।

---

हिमाचल, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर में भारी बर्फबारी

हिमालयी राज्यों — जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश — में लगातार बर्फबारी हो रही है। इससे मैदानी क्षेत्रों के तापमान में और गिरावट की संभावना जताई जा रही है।

श्रीनगर में पारा –3.9°C, सीजन की सबसे ठंडी रात

कश्मीर और लद्दाख में ठंड की तीव्रता लगातार बढ़ रही है। श्रीनगर में बुधवार की रात तापमान –3.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस सीजन की सबसे ठंडी रात रही।

गुलमर्ग सहित ऊंचाई वाले इलाकों में कई बार मध्यम स्तर की बर्फबारी हो चुकी है, जबकि घाटी के निचले इलाकों में अभी तक बर्फबारी नहीं हुई है।

-शुरू होने वाला है ‘चिलेकलां’ — कश्मीर की सबसे कठोर सर्दी

कश्मीर में 21 दिसंबर से 40 दिनों का बेहद ठंडा और कठोर मौसम वाला दौर ‘चिलेकलां’ शुरू होगा।

मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, चिलेकलां के दौरान तापमान अक्सर जमाव बिंदु से नीचे चला जाता है और घाटी में भीषण ठंड पड़ती है। इस अवधि में जलस्रोत जमना, सड़कों पर बर्फ जमने से आवागमन बाधित होना और तेज ठंड आम बात है।

Next Story