दिल्ली में बनेगा राजस्थान का सांस्कृतिक केंद्र, पर्यटन को मिलेगी नई पहचान

नई दिल्ली। राजस्थान की समृद्ध कला, संस्कृति और स्थापत्य परंपरा को राष्ट्रीय राजधानी में एक नई पहचान मिलने जा रही है। दिल्ली के बीकानेर हाउस परिसर में राज्य का एक भव्य सांस्कृतिक केंद्र विकसित किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य देश और विदेश से आने वाले पर्यटकों को राजस्थान की ओर आकर्षित करना है। इस केंद्र में राजस्थान की लोक कला, सांस्कृतिक विरासत और ऐतिहासिक स्थापत्य शैली की झलक एक ही स्थान पर देखने को मिलेगी।
प्रस्तावित सांस्कृतिक केंद्र में 700 सीटों की क्षमता वाला आधुनिक सभागार बनाया जा रहा है, जहां सांस्कृतिक कार्यक्रम, नाट्य प्रस्तुतियां और विशेष आयोजन होंगे। इसके साथ ही ज्ञान और शोध को बढ़ावा देने के लिए ई लाइब्रेरी की सुविधा भी विकसित की जा रही है। पर्यटकों और विशिष्ट अतिथियों के ठहराव के लिए हेरिटेज गेस्ट हाउस का निर्माण भी इस परियोजना का हिस्सा है।
यह सांस्कृतिक केंद्र न केवल राजस्थान की पहचान को राष्ट्रीय स्तर पर मजबूती देगा, बल्कि दिल्ली आने वाले पर्यटकों के लिए भी एक नया आकर्षण बनेगा। इसके माध्यम से राजस्थान की परंपराओं, कला शैलियों और सांस्कृतिक विरासत को वैश्विक मंच पर प्रस्तुत करने में मदद मिलेगी।
