जयपुर में बड़ी साजिश नाकाम: विदेशी पर्यटकों से भरी 'महाराजा एक्सप्रेस' को पलटाने की कोशिश, रेलवे ट्रैक पर रखे लोहे के एंगल

जयपुर में बड़ी साजिश नाकाम: विदेशी पर्यटकों से भरी महाराजा एक्सप्रेस को पलटाने की कोशिश, रेलवे ट्रैक पर रखे लोहे के एंगल
X


​जयपुर/भीलवाड़ा हलचल। राजस्थान की राजधानी जयपुर में सोमवार रात एक बड़ा रेल हादसा टल गया। अज्ञात असामाजिक तत्वों ने विदेशी पर्यटकों को ले जा रही आलीशान ट्रेन 'महाराजा एक्सप्रेस' को पलटाने की खतरनाक साजिश रची थी। रेलवे ट्रैक पर लोहे के भारी एंगल रखकर ट्रेन को दुर्घटनाग्रस्त करने की कोशिश की गई, लेकिन लोको पायलट की सूझबूझ से सैकड़ों जिंदगियां बच गईं।

​लोको पायलट की सतर्कता से टला हादसा

​आरपीएफ सीनियर डीएससी ओंकार सिंह ने बताया कि सोमवार रात करीब 11:02 बजे महाराजा एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 00240) सवाईमाधोपुर से जयपुर के दुर्गापुरा स्टेशन की ओर जा रही थी। सांगानेर और शिवदासपुरा स्टेशन के बीच महात्मा गांधी हॉस्पिटल स्थित रेलवे फाटक के पास पटरी पर 4 से 5 लोहे के भारी एंगल रखे हुए थे, जिन पर सीमेंट के ब्लॉक भी लगे थे।

​ट्रेन का इंजन इन एंगलों से टकराया, लेकिन लोको पायलट ने तुरंत खतरे को भांपते हुए इमरजेंसी ब्रेक लगा दिए और कंट्रोल रूम को सूचना दी। यदि ट्रेन तेज रफ्तार में होती, तो वह पटरी से उतर सकती थी और एक बड़ा हादसा घटित हो सकता था।

​जांच में जुटी एजेंसियां और डॉग स्क्वॉयड

​घटना की सूचना मिलते ही रेलवे सुरक्षा बल (RPF) की टीम, डॉग स्क्वॉयड और स्पेशल फोर्स के साथ मौके पर पहुंची। करीब 35 मिनट तक ट्रेन घटनास्थल पर खड़ी रही। सुरक्षाबलों ने ट्रैक से बाधाओं को हटाया और गहन जांच की। अज्ञात आरोपियों के खिलाफ शिवदासपुरा थाने में मामला दर्ज कर लिया गया है।

​यह घटना रेलवे की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती है, खासकर तब जब निशाना विदेशी पर्यटकों से भरी देश की सबसे प्रतिष्ठित ट्रेनों में से एक को बनाया गया हो।

​अपराध, आतंकी साजिश और क्षेत्र की कानून व्यवस्था से जुड़ी हर बड़ी और ताजा खबरों के लिए जुड़े रहें भीलवाड़ा हलचल के साथ। समाचार भेजें 9829041455 पर।

Next Story