उत्तर भारत में कुदरत का कहर: कहीं बर्फबारी का सितम, तो कहीं हिमस्खलन का खौफ, फिर गिरेगी बर्फ होगी बारिश

उत्तर भारत | देश के उत्तरी हिस्सों में इन दिनों मौसम अपने रौद्र रूप में है। दिल्ली-एनसीआर से लेकर पहाड़ों तक कड़ाके की ठंड, घना कोहरा और भारी बर्फबारी ने जनजीवन की रफ्तार थाम दी है। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से बारिश और ओलावृष्टि की चेतावनी भी जारी की है।
पहाड़ों पर आफत: हिमस्खलन और भूस्खलन का तांडव
हिमाचल प्रदेश: चंबा जिले के भरमौर और पांगी में तीन स्थानों पर हिमस्खलन (Avalanche) हुआ है, जिसमें दुकानें और वाहन मलबे में दब गए। गनीमत रही कि कोई जनहानि नहीं हुई। वहीं, सिरमौर में बर्फ पर कार फिसलने से एक पर्यटक की मौत हो गई।
उत्तराखंड: केदारनाथ धाम में 3 से 4 फीट तक बर्फ जमी हुई है। भारी बर्फबारी के कारण दो दर्जन से अधिक संपर्क मार्ग बंद हैं। हालांकि, औली और धनोल्टी जैसे पर्यटन स्थलों पर सैलानियों की भीड़ उमड़ रही है।
जम्मू-कश्मीर: सोनमर्ग में भारी हिमस्खलन के कारण घरों और होटलों को नुकसान पहुँचा है। कुलगाम में कार में हीटर जलाकर सो रहे एक युवक की दम घुटने से दर्दनाक मौत हो गई।
मैदानी इलाकों में कोहरा और शीतलहर
दिल्ली, पंजाब, हरियाणा और उत्तर प्रदेश में घने कोहरे के कारण दृश्यता 50 मीटर से भी कम रह गई है। अमृतसर 3.7 डिग्री तापमान के साथ सबसे ठंडा रहा। यूपी और एमपी के कुछ हिस्सों में ओलावृष्टि ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। 31 जनवरी से 2 फरवरी के बीच एक बार फिर बारिश और तेज हवाओं का दौर शुरू होने की संभावना है।
भीलवाडा हलचल न्यूज पोर्टल पर अपनी खबर देने के लिए
समाचार: प्रेम कुमार गढवाल (Email: [email protected], व्हाट्सएप: 9829041455)
विज्ञापन: विजय गढवाल (6377364129)
सम्पर्क कार्यालय: भीलवाडा हलचल, कलेक्ट्री रोड, नई शाम की सब्जी मंडी, भीलवाडा (फोन: 7737741455)
