कंबल में लिपटा मिला विवाहिता का शव, गले पर निशान और हाथ पर लिखा नाम बना हत्या की गुत्थी का सुराग

आगरा। यमुना एक्सप्रेस वे पर माइल स्टोन 148 के पास गांव सौरई के समीप शुक्रवार को उस वक्त सनसनी फैल गई, जब नाली में पड़ा एक कंबल तेज दुर्गंध फैलाता मिला। पास जाकर देखने पर ग्रामीणों के होश उड़ गए। कंबल में एक करीब 25 वर्षीय युवती का शव लिपटा हुआ था। मृतका के हाथों में मेहंदी और पैरों में बिछिया थीं, जिससे पुलिस को आशंका है कि वह हाल ही में विवाहित थी।

सूचना मिलते ही एक्सप्रेस वे पर पेट्रोलिंग कर रही पुलिस टीम सक्रिय हो गई। कुछ ही देर में डीसीपी वेस्टर्न जोन आदित्य सिंह, एसीपी एत्मादपुर देवेश कुमार, एसओजी, फील्ड यूनिट और डॉग स्क्वॉड मौके पर पहुंच गए। शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की गई और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।

प्राथमिक जांच में युवती के गले पर गहरे निशान पाए गए हैं, जिससे गला घोंटकर हत्या की आशंका जताई जा रही है। शव को कंबल में लपेटने के बाद उस पर काला टेप चिपकाया गया था, जिससे साफ है कि वारदात को अंजाम देने के बाद सबूत मिटाने की कोशिश की गई। पुलिस को मृतका के हाथ और कंधे पर आर एस लिखा मिला है, वहीं एक जगह सनी नाम भी उकेरा गया था, जिसे मिटाने का प्रयास किया गया लेकिन पूरी तरह हटाया नहीं जा सका। यही लिखावट अब इस सनसनीखेज हत्याकांड का सबसे बड़ा सुराग बन गई है।

ग्रामीणों ने बताया कि दोपहर करीब साढ़े तीन बजे वे बकरी चरा रहे थे, तभी नाली में पड़े कंबल से बदबू आई। शक होने पर उन्होंने पास जाकर देखा और तुरंत सूचना दी। पुलिस को आशंका है कि हत्या कहीं और कर शव को यहां फेंका गया है। घटनास्थल खंदौली टोल प्लाजा से करीब एक किलोमीटर दूर दिल्ली रोड पर स्थित है, जबकि दो किलोमीटर आगे मथुरा की सीमा शुरू हो जाती है।

पुलिस दो बड़े एंगल पर जांच कर रही है। पहला यह कि आरोपी आगरा की ओर से शव लाकर यहां फेंककर टोल पार कर भागा हो। दूसरा यह कि दिल्ली की तरफ से आने वाले वाहन ने खंदौली टोल से पहले बने कट का इस्तेमाल कर शव फेंका और तुरंत फरार हो गया हो। इन दोनों संभावनाओं को देखते हुए यमुना एक्सप्रेस वे के सभी टोल प्लाजा और आसपास के मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि संदिग्ध वाहन और आरोपी की पहचान की जा सके।

पुलिस आसपास के जिलों से लापता महिलाओं की सूची भी खंगाल रही है। शिनाख्त होने के बाद ही यह साफ हो पाएगा कि युवती कौन थी और किसने इतनी बेरहमी से उसकी हत्या की। फिलहाल एक्सप्रेस वे पर इस रहस्यमयी कत्लकांड से दहशत का माहौल बना हुआ है और लोग जवाब मांग रहे हैं।

Next Story