-श्री माता वैष्णो देवी कटड़ा रेल खंड पर विस्टाडोम कोच से विशेष ट्रेन का संचालन शुरू, यात्रियों को मिला कश्मीर के नजारों का आनंद

जम्मू। जम्मू रेलवे डिवीजन ने बुधवार को बनिहाल-श्री माता वैष्णो देवी कटड़ा रेल खंड पर विशेष ट्रेन में विस्टाडोम कोच का संचालन शुरू किया। पहले दिन 600 से अधिक यात्रियों ने इस विशेष कोच में सफर किया। देश भर के यात्री कांच की छत और बड़ी पारदर्शी खिड़कियों के माध्यम से पहाड़ों, नदियों और सुरंगों के दृश्य का आनंद लेते हुए रोमांचक अनुभव का हिस्सा बने।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार विस्टाडोम कोच 360 डिग्री प्राकृतिक दृश्य प्रस्तुत करता है, जिससे यात्रा और भी आकर्षक हो जाती है। यात्रियों ने कहा कि इस ट्रेन के संचालन से बनिहाल और कटड़ा के बीच कनेक्टिविटी बेहतर होगी। वरिष्ठ डिविजनल कमर्शियल मैनेजर उचित सिंघल ने बताया कि यह कदम यात्रियों को उधमपुर-श्रीनगर-बारामुला रेल लिंक पर मौजूद प्रमुख इंजीनियरिंग चमत्कारों को देखने का अवसर देगा।
पर्यटन को भी मिलेगा बढ़ावा
विशेष ट्रेन में चिनाब नदी पर स्थित दुनिया के सबसे ऊंचे रेलवे पुल और भारत का पहला केबल-स्टे पुल शामिल हैं। जनसंपर्क निरीक्षक ने बताया कि पहले यह विशेष ट्रेन बड़गाम-बनिहाल मार्ग पर चल रही थी, लेकिन अब इसे कटड़ा तक बढ़ा दिया गया है। विस्टाडोम कोच के संचालन से कश्मीर में पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा।
इस कोच में सफर करने वाले यात्री घाटी की प्राकृतिक सुंदरता का लुत्फ ले सकते हैं। उत्तर रेलवे के जम्मू मंडल में लगातार यात्रियों की सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। इसी कड़ी में मंगलवार को बड़गाम-कटड़ा विशेष ट्रेन संख्या 04688/04687 में विस्टाडोम कोच जोड़ा गया।
विशेष ट्रेन का विस्तार बनिहाल से श्री माता वैष्णो देवी कटड़ा तक किया गया है, जिससे स्थानीय लोगों और कश्मीर आने वाले पर्यटकों को बेहतर सुविधा मिलेगी।
भीलवाडा हलचल न्यूज पोर्टल पर अपनी खबर देने के लिए समाचार प्रेम कुमार गढवाल Email - [email protected]
व्हाट्सएप - 9829041455 विज्ञापन - विजय गढवाल 6377364129 सम्पर्क - भीलवाडा हलचल कलेक्ट्री रोड,नई शाम की सब्जी मंडी भीलवाडा
