सनसनीखेज वारदात -फिजियोथेरेपिस्ट पर जानलेवा हमला, आरोपी ने पहचान छिपाने के लिए धारण किया महिला का भेष

दिल्ली: महिला फिजियोथेरेपिस्ट पर क्लीनिक में घुसकर चाकू से हमला, हालत गंभीर
दिल्ली। रोहिणी सेक्टर 24 के पॉकेट-17 में एक महिला फिजियोथेरेपिस्ट पर उनके क्लीनिक के अंदर ही चाकू से हमला किया गया है। हमलावर इलाज कराने के बहाने महिला के वेश में आया था और मौका मिलते ही उसने फिजियोथेरेपिस्ट के गले पर वार कर दिया। घायल महिला को तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया है, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।
रिश्तेदार ही निकला हमलावर
शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि आरोपी कोई और नहीं, बल्कि फिजियोथेरेपिस्ट का जीजा है। हमले के बाद भाग रहे आरोपी को स्थानीय लोगों ने मुस्तैदी दिखाते हुए पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।
फिल्मी अंदाज में भागने की कोशिश
भेष बदला: आरोपी ने पहचान छुपाने के लिए विग लगाया हुआ था और महिला के कपड़े पहने थे। हमले के दौरान विग क्लीनिक में ही गिर गया।
छत से भागने का प्रयास: वारदात के बाद आरोपी क्लीनिक की ऊपरी मंजिल पर गया, वहां कपड़े बदले और पड़ोसी छतों के रास्ते भागने की कोशिश की।पुलिस की कार्रवाई: बुध विहार थाना पुलिस ने आरोपी के पास से चाकू, बैग, कपड़े और मोबाइल फोन जब्त कर लिए हैं। फिलहाल आरोपी से पूछताछ जारी है।
