दिग्गज लेखक सलीम खान अस्पताल में भर्ती,लीलावती अस्पताल पहुंचे सलमान खान

दिग्गज लेखक सलीम खान अस्पताल में भर्ती,लीलावती अस्पताल पहुंचे सलमान खान
X

मुंबई । बॉलीवुड के दिग्गज पटकथा लेखक और सलमान खान के पिता सलीम खान को मंगलवार को मुंबई के बांद्रा स्थित लीलावती अस्पताल एवं अनुसंधान केंद्र में भर्ती कराया गया है। 17 फरवरी की दोपहर यह खबर सामने आते ही सिने जगत और उनके प्रशंसकों में चिंता की लहर दौड़ गई।

अस्पताल पहुंचे सलमान और खान परिवार

जैसे ही सलीम खान के अस्पताल में भर्ती होने की सूचना मिली, सुपरस्टार सलमान खान कड़ी सुरक्षा के बीच अपने पिता से मिलने लीलावती अस्पताल पहुंचे। अस्पताल के बाहर से सामने आए वीडियो में सलमान खान काफी चिंतित नजर आ रहे थे। उनके साथ निर्माता-निर्देशक अतुल अग्निहोत्री भी अस्पताल में मौजूद दिखे।

भर्ती होने की वजह स्पष्ट नहीं

हालांकि, सलीम खान को किस वजह से अस्पताल में भर्ती कराया गया है, इसकी जानकारी अभी गुप्त रखी गई है। खान परिवार की ओर से अब तक कोई आधिकारिक बयान (ऑफिशियल स्टेटमेंट) जारी नहीं किया गया है। बता दें कि लीलावती अस्पताल उनके निवास 'गैलेक्सी अपार्टमेंट' के काफी करीब है।

हिंदी सिनेमा के 'शोले' हैं सलीम खान

सलीम खान ने जावेद अख्तर के साथ मिलकर बॉलीवुड को 'जंजीर', 'शोले', 'दीवार' और 'डॉन' जैसी कालजयी फिल्में दी हैं। हाल ही में नवंबर 2025 में उन्होंने अपनी पत्नी सलमा खान के साथ शादी की सालगिरह मनाई थी। सोशल मीडिया पर उनके जल्द स्वस्थ होने के लिए दुआएं की जा रही हैं।

Next Story