बांग्लादेश में सत्ता परिवर्तन का असर: प्रधानमंत्री बनते ही तारिक रहमान का बड़ा एक्शन, स्पाइसजेट के लिए एयरस्पेस बंद

ढाका/नई दिल्ली । बांग्लादेश में नई सरकार के गठन के साथ ही भारतीय कंपनियों के लिए चुनौतियां सामने आने लगी हैं। प्रधानमंत्री तारिक रहमान ने पदभार संभालते ही भारतीय बजट एयरलाइन स्पाइसजेट (SpiceJet) के खिलाफ सख्त कदम उठाते हुए बांग्लादेश का हवाई क्षेत्र (Airspace) पूरी तरह से ब्लॉक कर दिया है।

क्यों लगा प्रतिबंध?

बांग्लादेश नागरिक उड्डयन प्राधिकरण (CAAB) के अनुसार, स्पाइसजेट पर पिछले छह महीने से अधिक समय का एयर नेविगेशन शुल्क बकाया है। नियमों के मुताबिक, किसी भी देश के हवाई क्षेत्र से गुजरने के लिए एयरलाइंस को एक निश्चित शुल्क देना होता है (बोइंग विमानों के लिए करीब $300 प्रति उड़ान)। लंबे समय से भुगतान न होने और उस पर बढ़ते ब्याज के कारण बांग्लादेश की नई सरकार ने स्पाइसजेट की उड़ानों पर ओवरफ्लाइंग की रोक लगा दी है।

पूर्वोत्तर भारत की उड़ानों पर असर

इस प्रतिबंध का सीधा असर पूर्वोत्तर भारत को जोड़ने वाली उड़ानों पर पड़ रहा है:

लंबा रूट: कोलकाता से गुवाहाटी और इंफाल जाने वाली उड़ानों को अब बांग्लादेश के ऊपर से गुजरने के बजाय लंबा और घुमावदार रास्ता तय करना पड़ रहा है।

समय और लागत: फ्लाइट ट्रैकिंग डेटा के अनुसार, इन उड़ानों में अब लगभग 30 मिनट का अतिरिक्त समय लग रहा है, जिससे ईंधन की खपत (Fuel Cost) और परिचालन लागत में भारी बढ़ोतरी हुई है।

स्पाइसजेट का पक्ष

इस मामले पर स्पाइसजेट के प्रवक्ता ने कहा है कि यह एविएशन इंडस्ट्री की एक "सामान्य प्रक्रिया" है। एयरलाइन प्रबंधन बांग्लादेशी अधिकारियों के साथ लगातार बातचीत कर रहा है और जल्द ही बकाया राशि का समाधान निकाल लिया जाएगा। हालांकि, इस खबर के बाद शेयर बाजार में स्पाइसजेट के शेयरों में गिरावट दर्ज की गई है।

Next Story