शादी की खुशियां मातम में बदली: सात दिन बाद आनी थी बारात, युवती ने जहर खाकर दी जान

महोबा/छतरपुर। उत्तर प्रदेश के महोबा जिले के थुरट गांव से एक हृदयविदारक घटना सामने आई है, जिसने हर किसी की आंखें नम कर दी हैं। जिस घर में महज सात दिन बाद शहनाइयां बजनी थीं और मंगल गीत गाए जा रहे थे, वहां अब चीख-पुकार और मातम पसरा है। 20 वर्षीय युवती रजनी ने शादी की तैयारियों के बीच अचानक जहर खाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली।

लूडो खेलते-खेलते उठाया आत्मघाती कदम

मृतका के पिता नंदराम अनुरागी ने बताया कि घर में सब कुछ सामान्य था। पूरे परिवार ने साथ बैठकर हंसी-खुशी खाना खाया। रात करीब 11 बजे रजनी अपनी बहन के साथ मोबाइल पर लूडो खेल रही थी। खेल के दौरान ही वह अचानक उठी और अज्ञात कारणों के चलते जहर का सेवन कर लिया। जब उसे उल्टियां होने लगीं, तब परिजनों को अनहोनी का अहसास हुआ।

25 फरवरी को तय थी शादी

रजनी की शादी छतरपुर जिले के टेड़ीपुरवा निवासी वीरेंद्र अनुरागी से तय हुई थी और 25 फरवरी को बारात आनी सुनिश्चित थी। घर में शादी की तैयारियां अंतिम दौर में थीं, लेकिन इस आत्मघाती कदम ने खुशियों को उम्र भर के गम में बदल दिया।

अस्पताल में तोड़ा दम, पुलिस जांच में जुटी

परिजन रजनी को तुरंत स्थानीय अस्पताल ले गए, जहां से उसे गंभीर हालत में छतरपुर जिला अस्पताल रेफर किया गया। वहां इलाज के दौरान रजनी की मौत हो गई। फिलहाल आत्महत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है क्योंकि परिवार में किसी भी तरह के विवाद की बात सामने नहीं आई है। अजनर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर शव का पोस्टमार्टम कराया है और जांच शुरू कर दी है।

Next Story