बिहार में नेतृत्व परिवर्तन की सुगबुगाहट: पटना की सड़कों पर 'चिराग' को मुख्यमंत्री बनाने की उठी मांग

पटना गौतम ।
बिहार की सियासत में इन दिनों जबरदस्त हलचल देखी जा रही है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने की चर्चाओं के बीच अब नए मुख्यमंत्री के चेहरे को लेकर अटकलों का बाजार गर्म है। इसी कड़ी में एनडीए के भीतर से एक नई और बड़ी मांग उभरकर सामने आई है, जिसने राजनीतिक गलियारों में खलबली मचा दी है।
लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के कार्यकर्ताओं ने अब खुले तौर पर चिराग पासवान को बिहार का अगला मुख्यमंत्री बनाने की मुहिम शुरू कर दी है। राजधानी पटना में भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) कार्यालय के बाहर लगे पोस्टरों ने इस चर्चा को और हवा दे दी है। इन पोस्टरों के माध्यम से चिराग को बिहार के भविष्य के तौर पर पेश किया जा रहा है।
'ना दंगा, ना फसाद' के नारों से गूंजा पटना
बीजेपी कार्यालय के बाहर लगे पोस्टरों पर लिखे नारे सीधे तौर पर नेतृत्व परिवर्तन की ओर इशारा कर रहे हैं। पोस्टर पर स्पष्ट शब्दों में लिखा है— 'ना दंगा, ना फसाद हो, बिहार का CM सिर्फ चिराग हो।' समर्थकों का मानना है कि बिहार के सर्वांगीण विकास और शांति व्यवस्था के लिए चिराग पासवान ही सबसे उपयुक्त चेहरा हैं।
स्वर्ण काल और 'युवा जोश' पर जोर
इन पोस्टरों में न केवल चिराग की दावेदारी पेश की गई है, बल्कि बिहार में 'स्वर्ण काल' लाने का वादा भी किया गया है। पोस्टर में लिखा है— 'सजाओ इनके सर पर ताज, तभी आएगा बिहार में स्वर्ण काल।' इसके साथ ही बिहार में युवा नेतृत्व की आवश्यकता पर बल देते हुए संदेश दिया गया है कि 'बिहार मांगे चिराग, वक्त अब आ गया है युवा मुख्यमंत्री बनाने का।'
मोदी के 'हनुमान' को आशीर्वाद की चर्चा
राजनीतिक रूप से सबसे महत्वपूर्ण बात पोस्टर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और चिराग पासवान के रिश्तों का जिक्र है। इसमें लिखा गया है— 'मोदी जी का मिला अपने हनुमान को आशीर्वाद, चिराग होंगे बिहार के नए सरताज।' खुद को पीएम मोदी का हनुमान बताने वाले चिराग पासवान को इस पोस्टर के जरिए एनडीए के सबसे मजबूत और भरोसेमंद विकल्प के रूप में स्थापित करने की कोशिश की गई है। फिलहाल इन पोस्टरों ने सत्ता पक्ष और विपक्ष दोनों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है।
भीलवाड़ा हलचल न्यूज पोर्टल पर अपनी खबर देने के लिए संपर्क करें:
समाचार: प्रेम कुमार गढवाल 9413376078 (Email: [email protected], व्हाट्सएप: 9829041455)
विज्ञापन: विजय गढवाल 6377364129
संपर्क कार्यालय: भीलवाड़ा हलचल, कलेक्ट्री रोड, नई शाम की सब्जी मंडी, भीलवाड़ा फोन: 7737741455
