सीएम की सुरक्षा में सेंध: हेलीपैड पर घुसा बैल, पुलिसकर्मियों को छकाया

बेगूसराय। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की 'समृद्धि यात्रा' के दौरान आज बेगूसराय में सुरक्षा व्यवस्था की भारी चूक उजागर हुई। जिस समय मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर लैंड करने वाला था, उससे ठीक पहले सुरक्षा घेरा तोड़कर एक आवारा बैल हेलीपैड परिसर में घुस आया। बैल के अचानक आने से वहां तैनात सुरक्षाकर्मियों में खलबली मच गई।
देखते ही देखते बैल ने वहां मौजूद पुलिसकर्मियों को दौड़ाना शुरू कर दिया। स्थिति इतनी हास्यास्पद और तनावपूर्ण हो गई कि अपनी जान बचाने के लिए एक पुलिसकर्मी को पास ही खड़ी फायर ब्रिगेड की गाड़ी की छत पर चढ़ना पड़ा। काफी देर तक वहां अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। अंततः बड़ी मशक्कत के बाद पुलिसकर्मियों ने बैल को परिसर से बाहर खदेड़ा, जिसके बाद मुख्यमंत्री का विमान सुरक्षित रूप से उतर सका।
समृद्धि यात्रा' के तहत आज बेगूसराय पहुंचे, जहां कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य स्वागत किया। मंच पर मुख्यमंत्री का अभिनंदन फूलों की बड़ी माला पहनाकर किया गया। विशेष आकर्षण तब रहा जब एक ही विशाल माला के भीतर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के साथ उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी भी नजर आए। इस दौरान कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह देखा गया और गगनभेदी नारों से पूरा परिसर गूंज उठा।
