सीमा हैदर ने नवजात बेटे का नाम रखा 'भारत', हिंदू रीति-रिवाज से संपन्न हुआ नामकरण संस्कार

नोएडा। पाकिस्तान से प्यार की खातिर सरहद पार कर भारत आईं सीमा हैदर एक बार फिर सुर्खियों में हैं। फरवरी 2026 में छठे बच्चे की मां बनीं सीमा और उनके पति सचिन मीणा ने गुरुवार को रबूपुरा स्थित अपने निवास पर नवजात बेटे का नामकरण संस्कार धूमधाम से संपन्न किया। कपल ने अपने बेटे का नाम 'भारत' रखा है, जिसकी सोशल मीडिया पर जमकर चर्चा हो रही है।
'भ' अक्षर निकलते ही चुना 'भारत' नाम
नामकरण की वजह बताते हुए सीमा ने कहा कि पंडित जी ने जब नामकरण के लिए अक्षर निकाला तो वह 'भ' पर आया। सीमा के मुताबिक, जैसे ही 'भ' अक्षर सामने आया, उन्होंने तय कर लिया कि 'भारत' से सुंदर और गौरवशाली नाम दूसरा कोई नहीं हो सकता। समारोह के दौरान सीमा पूरी तरह हिंदू रंग-ढंग और पारंपरिक वेशभूषा में नजर आईं।
'हिंदू धर्म अपनाने पर गर्व, कभी नहीं जाऊंगी पाकिस्तान'
सीमा ने भावुक होते हुए कहा, "हिंदू धर्म बहुत सुंदर है और मुझे हिंदू होने पर गर्व महसूस होता है। यहां के छोटे-छोटे त्योहार आपसी प्यार बढ़ाते हैं।" उन्होंने एक बार फिर स्पष्ट किया कि वह कभी पाकिस्तान वापस नहीं जाना चाहतीं। सीमा ने बताया कि रबूपुरा के लोगों ने उन्हें अपनी बहू के रूप में अपना लिया है और वह अब भारतीय क्रिकेट टीम की भी बड़ी प्रशंसक हैं।
PUBG से शुरू हुई थी प्रेम कहानी
गौरतलब है कि सीमा हैदर और नोएडा के सचिन मीणा की मुलाकात ऑनलाइन गेम PUBG के जरिए हुई थी। इसके बाद सीमा अपने चार बच्चों के साथ नेपाल के रास्ते अवैध तरीके से भारत में दाखिल हुई थीं। सीमा का कहना है कि उन्हें अपने फैसले पर कोई पछतावा नहीं है और वह अब पूरी तरह भारतीय संस्कृति में रच-बस गई हैं।
